समाचार · हरियाणा
रानियां में भाजपा पार्षद के भाई-भतीजे पर हमला:खेत में पानी देने गए, जमीन को लेकर विवाद, पांच महीने पहले हुआ था अटैक
सिरसा जिले के रानिया में भाजपा पार्षद पवन कालड़ा के छोटे भाई पंकज कालड़ा और उनके बेटे पर बीती रात जानलेवा हमला किया गया। तेजधार हथियारों और लाठियों से किए गए इस हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना जमीनी विवाद के चलते हुई है। करीब पांच महीने पहले पार्षद पवन कालड़ा पर भी इसी तरह का जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। हमलावरों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष सरोजबाला मौके पर पहुंचीं। डायल 112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, यह हमला देर रात फतेहपुरिया से मंगालिया रोड पर बने खेतों में हुआ। पवन कालड़ा अपने भाई और भतीजे के साथ खेत में पानी की बारी लगाने गए थे। तभी जिन लोगों के साथ उनका जमीनी विवाद चल रहा है, उन्होंने खाल में चल रहा पानी पीछे से तोड़ दिया। जब पवन कालड़ा ने पानी तोड़ने का कारण पूछा, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। 45 लाख रुपए में खरीदी थी जमीन पवन कालड़ा ने बताया कि उन्होंने कुछ साल पहले यह जमीन करीब 45 लाख रुपए में खरीदी थी। उन्होंने यह भी बताया कि वकीलों के खर्च के लिए 20 हजार रुपए अतिरिक्त दिए गए थे। यह विवाद उसी जमीन के सौदे को लेकर चल रहा है। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मंडल अध्यक्ष सरोजबाला घटनास्थल पर मौजूद दिख रही हैं और हमलावरों को बाहर आने की चुनौती देते हुए कह रही हैं कि जिन लोगों ने उनके भाइयों पर लाठियों और तेजधार हथियारों से हमला किया है, वे बाहर निकलें और उन्हें क्यों छुपाया जा रहा है।