समाचार · मध्य प्रदेश
देवास में ज्वलनशील लिक्विड से आग भड़की, चार झुलसे:दो मासूम बच्चों सहित एक महिला-पुरुष घायल, बाटी बनाते समय हादसा
देवास के विकास नगर में गुरुवार को एक बच्चे के जन्मदिन पर बाटी बनाते समय हुए हादसे में दो मासूम बच्चों सहित चार लोग झुलस गए। कंडे जलाने के लिए ज्वलनशील लिक्विड का इस्तेमाल करने से अचानक आग भड़क गई। घायलों में 8 माह और 2 वर्ष के दो बच्चे, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में से एक ने बताया कि जन्मदिन होने के कारण घर में बाटी बनाई जा रही थी। कंडे जलाते समय मिट्टी के तेल की जगह गलती से ज्वलनशील लिक्विड डाल दिया गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। डॉक्टर क्षितिज वर्मा ने बताया कि विक्रांत सिंह, विनय सिंह और शालू सिंह सहित कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। जिला अस्पताल में लंबे समय से बर्न यूनिट न होने के कारण मरीजों को अक्सर रेफर करना पड़ता है। इसी वजह से इस हादसे के सभी घायलों को इंदौर रेफर किया गया है।