समाचार · मध्य प्रदेश
किसानों में मोटर चोरों की दहशत, 1 सप्ताह में दो दर्जन से ज्यादा खेतों से तार चुराए
खंडवा| पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम जामलीखुर्द में खेतों पर लगी पानी की मोटरों के तार चोरी होने का मामला सामने आया है। किसान नीतेश पटेल, गजानंद पटेल, संतोष पटेल, लोकेश पटेल और शांतीलाल पटेल ने चोरों के खिलाफ पंधाना थाने में शिकायत की है। किसानों ने बताया कि वे खेतों पर पहुंचे तो कुओं में लगी पानी की मोटरों के तार गायब मिले। आसपास के खेतों में जांच करने पर अन्य किसानों की मोटरों के तार भी चोरी होने की जानकारी सामने आई। क्षेत्र में चोरों ने एक-दो नहीं दो दर्जन से ज्यादा किसानों की मोटरों से तार चुराए हैं। किसानों ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर चोरों को पकड़ने की मांग की है। चार दिन पहले पांच किसानों की मोटर चोरी - चार दिन पहले ही छैगांवमाखन थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी में किसान भिखारी पटेल, गोपाल पटेल सहित पांच किसानों के खेतों में बने कुओं से पानी की मोटर और उनके तार चोरी हुए थे। लगातार एक ही तरह की वारदात क्षेत्र मंे हो रही है। उससे आशंका है कि तार चुराने वाला गिरोह एक ही है जो क्षेत्र के किसानों की संपत्ति को टारगेट कर रहा है।