Tuesday, 6 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ट्रक ड्राइवर ने दूध व्यापारी पर चाकू से हमला किया:मैहर में गर्दन-पेट समेत शरीर पर कई वार, आरोपी गिरफ्तार

INT News5 October 2026 at 10:39 pm

मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदगढ़ गांव में रविवार देर शाम रंजिश के चलते एक दूध व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में आनंदगढ़ निवासी 40 वर्षीय नागेंद्र यादव बुरी तरह जख्मी हो गए। पेट, गर्दन और हाथ पर चाकू के ताबड़तोड़ वार लगने से उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। दूध बेचकर घर लौट रहे थे व्यापारी, रास्ते में घेरकर रेता गला मिली जानकारी के अनुसार, आनंदगढ़ निवासी नागेंद्र यादव (पिता सौखीलाल यादव) दूध का कारोबार करते हैं। रविवार शाम वे रीवा के गोविंदगढ़ से दूध बेचकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में आरोपी ने उन्हें रोक लिया और कहासुनी के बाद अचानक चाकू निकालकर हमला बोल दिया। आरोपी ने नागेंद्र के पेट, गर्दन और हाथों पर चाकू से कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से भागने की फिराक में था। स्थानीय लोगों की मदद से ताला थाना पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया। ट्रक चालक रिश्तेदार ही निकला हमलावर, पुलिस ने किया गिरफ्तार ताला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कदेहली निवासी अर्जुन यादव (56 वर्ष, पिता सुखलाल यादव) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित नागेंद्र और आरोपी अर्जुन दोनों एक ही समाज से हैं और आपस में रिश्तेदार भी लगते हैं। दोनों के बीच पहले से ही किसी पारिवारिक या पुरानी बात को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। पुलिस का बयान पुलिस का कहना है कि परिजनों और पीड़ित के बयानों के आधार पर फिलहाल एक ही आरोपी (अर्जुन यादव) की भूमिका सामने आई है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू को बरामद करने और हमले की असली वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।