Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शाजापुर में मंदिर की भूमि पर तार फेंसिंग:गुर्जर समाज ने कलेक्ट्रेट में शिकायत की, बोले- मंदिर तक पहुंचने का रास्ता बंद

INT News8 August 2026 at 03:44 pm

शाजापुर जिले के ग्राम भदोनी के ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे और तार फेंसिंग कर रास्ता बंद करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार राकेश चौहान को सौंपे ज्ञापन में बताया कि ग्राम भदोनी में सर्वे नंबर 431/2 (नया 315) की भूमि राजस्व रिकॉर्ड में 'माफी श्री महादेव जी' के नाम दर्ज है। इस भूमि पर देवनारायण मंदिर और महादेव मंदिर स्थित हैं। उनके अनुसार, ये मंदिर 12 गांवों के गुर्जर समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं, जहां समाज के लोग वर्षों से पूजा-पाठ और भंडारे आयोजित करते आ रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मांगीलाल बैरागी ने उक्त भूमि के एक हिस्से पर अवैध कब्जा कर तार फेंसिंग कर दी है, जिससे मंदिर तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया है। मंदिर तोड़ने की दी गई धमकी ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि मांगीलाल बैरागी और कुछ अन्य लोग ग्रामीणों को मंदिर में पूजा करने से रोक रहे हैं और उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीणों ने देवनारायण मंदिर को तोड़ने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया। कलेक्ट्रेट में शिकायत दर्ज कराने के बाद ग्रामीण लालघाटी थाने भी पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर राजस्व अधिकारियों और पटवारी से जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा मंदिर तक आने-जाने का रास्ता तत्काल खुलवाने की अपील की है।