समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में 7 दिन बाद जोरदार बारिश:तेज हवा आंधी भी चली; कई इलाकों में नालियां ओवरफ्लो, लोगों को गर्मी से मिली राहत
टीकमगढ़ जिले में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे तेज हवा और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। पिछले सात दिनों से जारी सूखे के बाद हुई इस बारिश से स्थानीय लोगों को भीषण उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं, खेतों में सूख रही फसलों को भी इस बारिश से नया जीवनदान मिला है। उमस के बाद बदला मौसम का मिजाज बारिश से पहले शुक्रवार सुबह से शाम तक क्षेत्र में उमस भरी गर्मी का प्रकोप बना रहा। दिन का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। रात को हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में महज 20 मिनट के भीतर ही नालियां ओवरफ्लो हो गईं। पिछले साल की तुलना में 24 इंच कम बरसे बादल भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में इस सीजन में अब तक केवल 6.8 इंच औसत बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पिछले साल आज की तारीख (17 जुलाई) तक जिले में 32.9 इंच औसत बारिश हो चुकी थी, जो इस साल की तुलना में 24 इंच अधिक थी। बारिश की इस कमी से किसान चिंतित थे। सूखती फसलों को मिला पानी, आगे भी उम्मीद स्थानीय किसान भागीरथ यादव ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से पानी न गिरने के कारण खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थीं। शुक्रवार रात हुई इस बारिश से फसलों को बहुत फायदा होगा। इस बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए अनुमान जताया है कि जिले में अगले तीन से चार दिनों तक अच्छी बारिश का दौर जारी रह सकता है।