Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

भारत में होने वाले मास्टर्स विश्व कप से पाकिस्तान ने बनाई दूरी, PCB ने टीम भेजने से किया इनकार

INT News21 October 2026 at 10:07 pm

Pakistan Refuses to Send Team to India: भारत और पाकिस्तान के बीच खेल के मैदान पर भी रिश्तों की तल्खी का असर नजर आ रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अगले साल जनवरी में भारत में होने वाले इंटरनेशनल मास्टर्स क्रिकेट विश्व कप के लिए अपनी 50 प्लस उम्र की टीम को भारत भेजने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. पाकिस्तान वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन (PVCA) ने इसकी पुष्टि करते हुए टूर्नामेंट से हटने की जानकारी आयोजकों को दे दी है.

PCB प्रमुख ने टीम भेजने से किया मना

PVCA के प्रमुख फवाद एजाज के मुताबिक, आयोजकों और मेजबान देश की ओर से पाकिस्तानी टीम को वीजा और उच्च स्तर की सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था. इसके बाद संगठन ने PCB के साथ-साथ विदेश और गृह मंत्रालय से भारत दौरे की अनुमति मांगी थी.

फवाद ने बताया कि पाकिस्तान के गृह मंत्री और PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने उन्हें भारत में टीम भेजने की अनुमति नहीं देने की जानकारी दी. इसके बाद PVCA ने आयोजकों को अपने हटने के फैसले से अवगत करा दिया. उन्होंने कहा कि आयोजकों को अब किसी दूसरी टीम को शामिल करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा.

हॉकी टीम भी भारत आने से कर चुकी है इनकार

पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ही नहीं, बल्कि हॉकी में भी भारत आने को लेकर इसी तरह का फैसला देखने को मिला है. पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने हाल ही में भारत में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी पुरुष टीम भेजने से इनकार कर दिया था. इसके बाद टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया.

पाकिस्तान इससे पहले भारत में आयोजित एफआईएच जूनियर विश्व कप और एशिया कप से भी सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए हट चुका है.

ये भी पढ़ें: ICC Men's T20 Rankings: ईशान-अभिषेक टॉप पर बरकरार, 9वें स्थान पर पहुंचे शाई होप; देखें पूरी लिस्ट

2008 के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में बढ़ी दूरी

भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें लंबे समय से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलती हैं. दोनों देशों के बीच क्रिकेट मुकाबले अब मुख्य रूप से आईसीसी और एशिया कप जैसे बहुपक्षीय टूर्नामेंटों में ही देखने को मिलते हैं. इनमें भी मुकाबले अक्सर न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए जाते हैं.

भारतीय क्रिकेट टीम ने आखिरी बार जुलाई 2008 में पाकिस्तान का दौरा किया था. उस समय टीम ने पाकिस्तान की मेजबानी में खेले गए एशिया कप में हिस्सा लिया था. इससे पहले भारत ने 2005-06 में पाकिस्तान का दौरा किया था, जहां दोनों टीमों के बीच टेस्ट और वनडे सीरीज खेली गई थी.

हॉकी में भी लंबे समय से नहीं हुई द्विपक्षीय सीरीज

हॉकी में भी दोनों देशों के बीच लंबे समय से द्विपक्षीय मुकाबले नहीं हुए हैं. भारतीय हॉकी टीम ने आखिरी बार 2006 में पाकिस्तान का दौरा किया था. वहीं, पाकिस्तान की टीम ने 2023 में भारत में आयोजित एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लिया था और छह टीमों के टूर्नामेंट में पांचवें स्थान पर रही थी.

ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट