समाचार · हरियाणा
पलवल में विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान:मायके से 15 लाख लाने का दबाव, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला शव
पलवल शहर के मोहन नगर में 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, जिला अलीगढ़ (यूपी) के पोथा गांव निवासी प्रेमपाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी हेमलता की शादी फरवरी-2019 में मोहन नगर निवासी मनमोहन के साथ हुई थी। मायके से पैसे लाने का बनाया दबाव प्रेमपाल सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मनमोहन, ससुर सत्यवीर सिंह, सास ओमवती, जेठ राकेश उर्फ लाखन व प्रवीन उर्फ हाकिम, जिठानी अनीता और देवर हेमंत अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर हेमलता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोपी लगातार 15 लाख रुपए और मायके की जमीन बेचकर पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। पति रातभर करता था मारपीट शिकायत में कहा कि 2 अगस्त की सुबह हेमलता ने फोन पर अपने परिजनों को बताया था कि उसका पति और अन्य ससुरालजन रात भर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे खाना-कपड़ा भी नहीं दे रहे हैं। उसी दिन दोपहर बाद करीब तीन बजे ससुराल पक्ष ने परिजनों को सूचना दी कि हेमलता ने फांसी लगा ली है। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या की और फिर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलने पर कैंप थाना की किठवाड़ी पुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और सैंपल जांच के लिए एफएसएल गुरुग्राम भेजे गए हैं। कैंप थाना पुलिस ने अब इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।