समाचार · मध्य प्रदेश
नाबालिग लड़की का शव फंदे पर लटका मिला:घर के कमरे में चुनरी से लगाई फांसी, बालाघाट में 11वीं कक्षा की छात्रा थी
बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र के आरंभा गांव में शुक्रवार को एक नाबालिग छात्रा का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने 15 वर्षीय शिवानी ठाकरे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, शिवानी का शव घर के एक कमरे में चुनरी से बने फंदे पर लटका हुआ था। घटना के वक्त शिवानी की दादी ही घर पर मौजूद थीं, जबकि परिवार के बाकी सदस्य खेती-किसानी के काम से खेतों पर गए हुए थे। सबसे पहले दादी ने ही अपनी पोती को फंदे पर लटका देखा और घबराकर शोर मचाया। दादी की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर दौड़े। इसी बीच खेत गए माता-पिता और परिजनों को भी खबर दी गई, जिससे वे तुरंत घर पहुंचे। पड़ोसियों ने शिवानी को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। 11वीं की छात्रा थी शिवानी, जांच में जुटी पुलिस दम तोड़ने वाली शिवानी 11वीं कक्षा की छात्रा थी और आरंभा गांव के ही एक हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ती थी। घटना की सूचना मिलते ही खैरलांजी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर (एसआई) किशोर मने ने बताया कि शव को फंदे से उतारकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। छात्रा ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिवार वालों से पूछताछ के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।