समाचार · मध्य प्रदेश
रिपोर्ट वापस लेने का दबाव, तलवार से हमला; तीन घायल:रंजिश में दुकान पर वारदात, एक युवक सागर रेफर; आरोपी फरार, तलाश जारी
रायसेन के की बेगमगंज तहसील के तुलसीपार गांव में शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि दो अन्य का उपचार बेगमगंज सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है। आरोपी अभिषेक अठ्या (22) गांव में नारायण यादव की दुकान पर पहुंचा और पिछले महीने दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। घर से तलवार लाकर किया हमला आरोप है कि विवाद के बाद अभिषेक अठ्या घर से तलवार लेकर वापस आया और दुकान पर मौजूद सचिन यादव (28) पर हमला कर दिया। हमले के दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सचिन को बचाने पहुंचे अभिषेक गौर और छोटू कुशवाहा भी तलवार की चपेट में आ गए। हमले में सचिन के चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं, अभिषेक गौर के पैर और छोटू कुशवाहा की पीठ पर चोटें आई हैं। दोनों का उपचार सिविल अस्पताल में जारी है। आरोपी की तलाश में पुलिस थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।