Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

मेरठ में आज गरजेंगे योगी के हेलीकॉप्टर के पंख, कांवड़ियों पर होगी फूलों की बारिश, जानें पूरा कार्यक्रम

INT News8 August 2026 at 09:15 am

UP News : कांवड़ यात्रा के बीच आज मेरठ में शिवभक्तों के बीच खास नजारा देखने को मिलेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ पहुंचेंगे और हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा करेंगे. मुख्यमंत्री दुल्हैडा चुंगी पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत करने के साथ उन्हें संबोधित भी करेंगे. सीएम का मेरठ दौरा करीब 50 मिनट का रहेगा. इसे लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात तक सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.

11:35 बजे मेरठ पहुंचेंगे सीएम योगी

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11:35 बजे मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरेगा. यहां से मुख्यमंत्री कार के जरिए दुल्हैडा चुंगी के लिए रवाना होंगे. करीब 11:45 बजे मुख्यमंत्री दुल्हैडा चुंगी स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे. यह जगह दुल्हैडा पुलिस चौकी के पास निर्धारित की गई है.

कांवड़ियों पर करेंगे पुष्प वर्षा, शिवभक्तों को करेंगे संबोधित

मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर करीब 30 मिनट रहेंगे. इस दौरान वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा करेंगे और उन्हें संबोधित भी करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री कार से वापस शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड के लिए रवाना होंगे. करीब 12:20 बजे वह हेलीपैड पहुंचेंगे. इसके बाद 12:25 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है.

कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का भी लेंगे जायजा

मुख्यमंत्री का यह दौरा कांवड़ यात्रा के चरम दौर में हो रहा है. ऐसे में दुल्हैडा चुंगी पहुंचने के दौरान वह कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं, यातायात, सुरक्षा और शिवभक्तों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ले सकते हैं. कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन लगातार कांवड़ मार्गों पर निगरानी रख रहा है. मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भी यात्रा की व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रहेगी.

सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड से लेकर दुल्हैडा चुंगी तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की है. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हैं और कार्यक्रम स्थल के आसपास लगातार निगरानी की जा रही है.

8 और 9 अगस्त को हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा का पूरा प्लान

कांवड़ यात्रा के दौरान 8 और 9 अगस्त को अलग-अलग क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है.

8 अगस्त

10:30–11:15 बजे: बागपत में पुष्प वर्षा — डीएम व एसपी बागपत 11:45–12:45 बजे: सहारनपुर से मुजफ्फरनगर क्षेत्र में पुष्प वर्षा — कमिश्नर व डीआईजी सहारनपुर 13:30–14:15 बजे: मुजफ्फरनगर में पुष्प वर्षा — डीएम व एसएसपी मुजफ्फरनगर 15:45–16:30 बजे: मेरठ में पुष्प वर्षा — डीएम व एसएसपी मेरठ

9 अगस्त

08:30–09:15 बजे: मेरठ से गाजियाबाद क्षेत्र में पुष्प वर्षा — कमिश्नर व डीआईजी मेरठ 09:45–10:30 बजे: गाजियाबाद से हापुड़ क्षेत्र में पुष्प वर्षा — पुलिस कमिश्नर व डीएम गाजियाबाद 11:15–12:00 बजे: हापुड़ से बुलंदशहर क्षेत्र में पुष्प वर्षा — डीएम व एसपी हापुड़ 12:30–13:00 बजे: बुलंदशहर में पुष्प वर्षा — डीएम व एसएसपी बुलंदशहर

कुल निर्धारित उड़ान समय 10 घंटे 25 मिनट है. इसमें 8 अगस्त को 6 घंटे 10 मिनट और 9 अगस्त को 4 घंटे 15 मिनट का उड़ान समय निर्धारित है.

Also Read : यूपी में आज मौसम का महाअलर्ट! कई जिलों में झमाझम बारिश, आंधी-तूफान का खतरा; ओले भी बरस सकते हैं