समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर के नाले में महिला-बच्ची गिरी, अब जागा निगम:नाले के दोनों ओर रिटेनिंग वॉल बनाएंगे, बंद स्ट्रीट लाइटें भी जल्द होंगी चालू
इंदौर में सनसिटी से भवंस स्कूल की ओर जाने वाली मास्टर प्लान सड़क पर महिला और बच्ची के दोपहिया वाहन समेत खुले नाले में गिरने की घटना के बाद नगर निगम हरकत में आया है। सोमवार को अपर आयुक्त (ड्रेनेज) आशीष ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क किनारे बह रहे खुले नाले के दोनों ओर जल्द रिटेनिंग वॉल बनाने का आश्वासन दिया। इसका निर्माण एपेक्स एलाइट टाउनशिप के निर्माणकर्ताओं द्वारा कराया जाएगा। जोनल अधिकारी प्रकाश नागर ने बताया कि नाले के दोनों ओर रिटेनिंग वॉल बनाने का काम पहले से प्रस्तावित है और इसके लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कार से बचने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई थी। नाले के दोनों ओर रिटेनिंग वॉल का प्रस्ताव पहले से, निर्माणकर्ता कराएंगे काम नाले के दोनों ओर रिटेनिंग वॉल बनाने का काम पहले से प्रस्तावित है। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है। नगर निगम के अधिकारियों ने मौके के निरीक्षण के दौरान जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया। रिटेनिंग वॉल का निर्माण एपेक्स एलाइट टाउनशिप के निर्माणकर्ताओं द्वारा कराया जाएगा। बंद स्ट्रीट लाइटें होंगी चालू, ट्रैफिक के लिए भी प्लान निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सनसिटी-भवंस स्कूल मार्ग पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा सनसिटी रोड स्थित काउंटी पार्क चौराहे पर स्लैब निर्माण कर सड़क के दूसरे हिस्से से भी यातायात शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। पार्क पर अतिक्रमण की शिकायत, फाइल जांच का आश्वासन क्षेत्रीय रहवासियों ने तुलसी नगर बी सेक्टर में सोमेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित पार्क पर अतिक्रमण और अवैध भवन निर्माण की शिकायत भी अधिकारियों से की। अधिकारियों ने संबंधित पार्क की फाइल की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। मास्टर प्लान सड़क जल्द बनाने की मांग रहवासियों ने सनसिटी-भवंस स्कूल मास्टर प्लान सड़क का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग भी की। उनका कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इस मार्ग पर यातायात का दबाव तेजी से बढ़ा है। सड़क का निर्माण पूरा होने से निपानिया और पिपलिया कुमार क्षेत्र की दर्जनों कॉलोनियों के रहवासियों को सीधा फायदा मिलेगा। स्थानीय पार्षद संगीता जोशी भी मास्टर प्लान सड़क के निर्माण को लेकर अधिकारियों को पत्र लिख चुकी हैं। निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, निर्भयसिंह यदुवंशी, तीरथ रघुवंशी, दिवाकर द्विवेदी, आनंद यादव, आशुतोष मेहता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी मौजूद रहे।