समाचार · मध्य प्रदेश
जीवाजी विश्वविद्यालय में NSUI का धरना प्रदर्शन:सेंट्रल लाइब्रेरी में AC खराब होने से छात्रों को परेशानी
जीवाजी विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी में लंबे समय से खराब पड़ी एयर कंडीशनिंग व्यवस्था को लेकर छात्र संगठन NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि ऐ सी खराब होने से छात्रों को पढ़ाई में भारी असुविधा हो रही है। NSUI कार्यकर्ताओं ने बताया कि पुस्तकालय में ऐ सी व्यवस्था वर्षों से खराब है। भीषण गर्मी और उमस के कारण विद्यार्थियों को असहज माहौल में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी एकाग्रता और प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय छात्रों से विभिन्न मदों में शुल्क तो तत्परता से वसूलता है, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पीछे हट जाता है। NSUI ने सवाल उठाया कि जब छात्र नियमित रूप से फीस जमा कर रहे हैं, तो उन्हें बेहतर अध्ययन का वातावरण प्रदान करना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी क्यों नहीं है। NSUI का कहना है कि सेंट्रल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं और विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र है। ऐसे में ऐ सी व्यवस्था का लंबे समय से खराब रहना विद्यार्थियों की परेशानी को और बढ़ा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लाइब्रेरी की ऐ सी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो NSUI सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक लाभ से जुड़ा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों और उनकी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित है। NSUI पदाधिकारियों ने दोहराया कि वे छात्रों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।