योगी बोले-माफिया खुली जीप से हिंदू को धमका नहीं सकता:गुंडों के सामने नाक रगड़ती थी सपा, मऊ दंगे में AK-47 लेकर घूमा था मुख्तार

Spread the love

मऊ में सीएम योगी ने सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- अब कोई माफिया खुली जीप से हिंदुओं को धमका नहीं सकता। न ही पिस्तौल लहरा सकता है। सपा सरकार गुंडों के सामने नाक रगड़ती थी। योगी ने मऊ में हुए दंगों का जिक्र भी किया। दरअसल, मऊ में साल 2005 में हुए दंगे से जुड़ा मुख्तार अंसारी का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वो खुली जिप्सी में AK-47 लिए घूमता दिखा था। हालांकि, योगी ने दंगे की घटना का जिक्र करते हुए किसी का नाम नहीं लिया। योगी ने कहा- पहले की सरकार माफिया के सामने नतमस्तक थी। अराजकता का तांडव था। अब मैं कह सकता हूं कि किसी माफिया और गुंडे में दुस्साहस नहीं कि किसी पर्व में व्यवधान या उपद्रव पैदा कर दे। अगर कोई किसी रामलीला में, किसी यज्ञ, कथा में, किसी धार्मिक आयोजन में किसी ने व्यवधान डाला तो पर्व तो मनेगा, लेकिन उसकी दुर्गति रावण और कंस जैसी तय है। सीएम योगी शुक्रवार को मऊ के मधुबन पहुंचे थे। यहां उन्होंने 392 करोड़ की 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सीएम को सुबह 10.30 बजे कार्यक्रम में पहुंचना था। लेकिन खराब मौसम की वजह से वह करीब 11 बजे पहुंचे। योगी के स्पीच की 5 बड़ी बातें… 1- मऊ को 21 साल पहले जलाने की कोशिश हुई योगी ने कहा- जो लोग यहां 30-35 साल से बड़े होंगे, उन्हें याद होगा कि 2005 में 21 साल पहले इसी मऊ को जलाने का कुत्सित प्रयास हुआ था। कैसे सत्ता के माफिया एक उत्सव भरे आस्था के केंद्र रामलीला आयोजन में व्यवधान पैदा करके निर्दोषों पर अत्याचार कर रहे थे। सरकार माफिया के सामने नतमस्तक थी। मऊ की सुरक्षा खतरे में थी। अराजकता का तांडव होता था। विकास के कार्य नहीं होते थे लेकिन चंदा जुटा-जुटाकर वह कहीं पर कोई धार्मिक आयोजन किया जाता था, रामलीला, यज्ञ , रामनवमी, शिवरात्रि का आयोजन नहीं होने दिया जाता था। उसमें व्यवधान पैदा किया जाता था। 2- बेटियों को दिनदहाड़े उठा ले जाते थे बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, शोहदे परेशान किया करते थे। कभी भी अपहरण हो जाता था। व्यापारी सूर्यास्त के पहले दुकान बंद करने को मजबूर होता था। सूर्यास्त के बाद घर का कोई सदस्य घर नहीं पहुंचता था तो परिवार परेशान हो जाता था कि न जाने उसके साथ क्या हो जाए। उस दंगापूर्ण माहौल में, अराजकता से पूर्ण माहौल में पहचान का संकट यहां के युवाओं के सामने खड़ा हुआ था। प्रदेश में तो नौकरी नहीं थी। लेकिन प्रदेश के बाहर जाते थे तो यूपी का नाम सुनकर लोग 10 कदम पीछे हटते थे। 3- सपा सरकार माफिया के सामने नाक रगड़ती थी योगी ने कहा- पहले गरीब के लिए कुछ भी सुविधा नहीं थी। आपने 2014 में देश की बागडोर नरेंद्र मोदी के हाथ में सौंपी थी। पिछले 12 साल में आपने बदलते हुए भारत को देखा है। मोदी जी कहते हैं हमारे लिए सिर्फ 4 जातियां हैं। एक जाति गरीब की, एक युवा की, एक नारी की और एक अन्नदाता किसान की। आप याद करिए इन चारों में सब आ जाते हैं। अगर इन चार का उत्थान हो जाए तो देश दौड़ने लग जाएगा। मोदी जी दिल्ली में योजना बनाते थे, लेकिन यूपी में 2014 से 2017 तक समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में लागू नहीं होने दिया। सपा ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। सपा सरकार माफिया के सामने नाक रगड़ती थी। इनके पसीने छूटते थे, बोली नहीं निकलती थी माफिया के सामने। 4- गरीबों का राशन गुंडे डकार जाते थे सीएम ने कहा- ये जो आज उपदेश देते फिर रहे हैं, इनसे पूछा जाना चाहिए कि ये जो 65 लाख आवास गरीबों को मिला है वो सपा की सरकार में क्यों नहीं मिला। सपा की 4-4 बार सरकार थी तब शौचालय क्यों नहीं बना। कांग्रेस ने तो 50 साल शासन दिया उन्होंने क्यों नहीं किया। गरीबों को तब राशन क्यों नहीं मिला। इन दोनों की सरकारों में राशन गुंडे डकार जाते थे। आज प्रदेश के अंदर 10 करोड़ लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा दी गई है। हर किसान और गरीब को ये सुविधा मिलेगी। 5- बेटी की इज्जत से खेलने वाला यमराज के पास जाएगा सीएम ने कहा- अब कोई धार्मिक आयोजन रोकेगा तो उसकी दुर्गति कंस और रावण जैसी होगी। अगर बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाई तो इंतजार केवल यमराज ही करेगा बाकी कोई नहीं। आज माफिया पिस्तौल लहराते हुए खुली जीप में चलकर किसी हिंदू को धमका नहीं सकता है। मंच पर ओपी राजभर और एके शर्मा रहे साथ मंच पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, करागार मंत्री दारा सिंह चौहान, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, जिला के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद यादव, मधुबन विधानसभा से बीजेपी विधायक राम विलास चौहान
MLC विक्रांत सिंह रिशू, MLC बिछेलाल राजभर, पूर्व विधायक विजय राजभर, पूर्व विधायक उमेश चंद पांडेय मौजूद रहे। ओपी राजभर बोले- सपा का 2027 में बुरा हश्र होगा मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आज हम पंचायती राज मंत्री हैं। चंदौली में सपा की महिला नेता को सपा के ही नेता पीटते हैं। यादव समाज के 5 लोग जाते हैं और महिला का बाल पकड़कर पीटते हैं, कहां गया समाजवाद। बाराबंकी में आइसक्रीम के रुपए मांगने पर राजभर समाज के युवक का गला काट देते हैं ये समाजवादी लोग। अखिलेश कहते हैं लोकतंत्र की हत्या हो रही है, ये हत्या सपा ही कर रही है। 2017 में सपा का जो हश्र हुआ था, उससे भी बुरा हश्र 2027 में होगा। सीएम के आने के पहले सपा और कांग्रेस नेता हाउस अरेस्ट मऊ में सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन सपा और कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया था। जनपद के विकास की अनदेखी का सवाल उठाते हुए सपा और कांग्रेस नेताओं ने सीएम से मिलने का प्लान बनाया था। विपक्षी नेताओं को मिलने से रोकने के लिए घरों पर पुलिस की तैनाती कर दी गई। ——————– यह खबर भी पढ़ें… मंत्री राजभर बोले- 95% यादव अपराधी:बाराबंकी में राजभर की गर्दन काटी, मऊ में बेटी को मार डाला
‘95 परसेंट अपराध करने वाले यादव समाज से आते हैं। बाराबंकी में राजभर की गर्दन काटी, मऊ में बेटी को मार डाला। ऐसे कई मामले हैं, जिनमें आरोपी यादव जाति के थे। अपराधियों को संरक्षण देना और जाति देखकर राजनीति करना सपा का पुराना कल्चर है। ’ यह बात आजमगढ़ में सुभासपा प्रमुख और पंचायती राजमंत्री ओपी राजभर ने गुरुवार को कही। वह शहर के सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…