करनाल में गैस सिलेंडर में गड़बड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक उपभोक्ता के सिलेंडर से गैस की बजाय भारी मात्रा में पानी निकला। घटना तब सामने आई जब सिलेंडर अचानक बंद हो गया और उसे हिलाने पर पानी की आवाज आई। उपभोक्ता सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचा, जहां कर्मचारियों के सामने ही सिलेंडर से पानी निकालकर दिखाया गया। मामले को बढ़ता देख एजेंसी संचालक ने मुआवजा देकर समझौता करने का प्रयास किया। सिलेंडर बंद हुआ तो खुली पोल कुंजपुरा निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसने 10 मई को सिलेंडर लगाया था। बीती रात के समय उन्होंने गैस चलाई, लेकिन कुछ देर बाद ही बंद हो गई। दोबारा सिलेंडर को हिलाकर चालू किया तो फिर कुछ देर बाद बंद हो गई। शक होने पर उन्होंने सिलेंडर को ध्यान से हिलाया, जिसमें पानी के हिलने जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद वे तुरंत सिलेंडर उठाकर गैस एजेंसी पहुंच गए। एजेंसी के सामने निकाला गया पानी राजेश कुमार ने बताया कि एजेंसी पहुंचकर उन्होंने संचालक और कर्मचारियों के सामने सिलेंडर से पानी निकालकर दिखाया। सिलेंडर के अंदर से करीब 10 किलो पानी निकला। उपभोक्ता का कहना है कि उन्होंने सिलेंडर लिया था, लेकिन केवल 18 दिन में ही गैस खत्म हो गई, जबकि अंदर पानी भरा मिला। इससे साफ है कि उपभोक्ता के साथ धोखा हुआ है। मुआवजा देकर मामला शांत करने की कोशिश मामला बढ़ता देख एजेंसी संचालक ने उपभोक्ता को 400 रुपए का मुआवजा दे दिया। राजेश कुमार का कहना है कि जितनी गैस इस्तेमाल हुई, उतने पैसे काट लिए गए और बाकी के नाम पर सिर्फ 400 रुपए थमा दिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सिलेंडर इतना महंगा है तो इस तरह की गड़बड़ी क्यों हो रही है। एजेंसी संचालक ने जांच की बात कही एजेंसी संचालक गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से सिलेंडर में पानी नहीं भरा जाता, बल्कि बीच में कहीं गड़बड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है और दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कंपनी में भी शिकायत भेजी जाएगी।
करनाल में सिलेंडर में गैस की जगह मिला पानी:10 किलो पानी निकला, 18 दिन में हुआ खत्म; एजेंसी ने 400 रुपए देकर मामला दबाया
