बिहार में होम गार्ड जवानों को अब दैनिक भत्ता 1121 रुपए मिलेगा। पहले होमगार्ड का डेली भत्ता 774 रुपए था, जिसे अब 1121 रुपए कर दिया गया है। पहले एक महीने में 23,220 रुपए मिलते थे, जो अब बढ़कर 33, 630 रुपए हो गए हैं। इस घोषणा के बाद जवानों ने सीएम नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया है। भागलपुर जिला होमगार्ड इकाई की ओर से सोमवार को शहर में विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस में दो दर्जन से अधिक जवान शामिल हुए। बैंड-बाजे की धुन पर जवानों ने जमकर ठुमके लगाए और खुशी का इजहार किया। महिला होमगार्ड भी डांस करती नजर आईं। जुलूस के बाद जवान जिला पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि कई लंबित मांगों को सरकार ने पूरा कर दिया है। इस खुशी में विजय जुलूस निकाला गया। जिला पदाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ज्ञापन सौंपेंगे। सं जवानों का मनोबल बढ़ा है संगठन के उपाध्यक्ष पवन कुमार यादव ने कहा कि सरकार ने जवानों की समस्याओं पर गंभीरता दिखाई और समाधान किया। इससे होमगार्ड संगठन को नई ऊर्जा मिली है। वर्षों से लंबित मुद्दे आखिरकार पूरे हुए। जिससे जवानों का मनोबल बढ़ा है। उम्मीद है कि आगे भी सरकार जवानों की मांगों और समस्याओं पर ध्यान देगी। जुलूस में शामिल जवानों के चेहरे पर गजब का उत्साह था। सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के फैसले के प्रति आभार व्यक्त किया।
भागलपुर में होमगार्ड जवानों ने निकाला विजय जुलूस:बैंड-बाजे की धुन पर जमकर थिरके, दैनिक भत्ता बढ़ाने के लिए सीएम को दिया धन्यवाद
