समाचार · मध्य प्रदेश
नर्मदापुरम में कांस्टेबल की पत्नी का सिटी थाने में हंगामा:पति के खिलाफ रेप की FIR पर अड़ी, TI बोले- कोर्ट में एक केस
नर्मदापुरम सिटी थाने में गुरुवार को एक महिला अपने पति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने पहुंची। महिला दोपहर से रात करीब 11 बजे तक थाने में मौजूद रही और FIR दर्ज करने की मांग करती रही। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पहले से घरेलू हिंसा से जुड़ा धारा 498-A का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में महिला को कोर्ट में परिवाद दायर करने की सलाह दी गई। महिला का कहना है कि वह अपने पति के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराना चाहती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में कोर्ट के माध्यम से परिवाद दायर करने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। एक साल पहले हुई थी शादी, खंडवा में रहती है महिला महिला खंडवा की रहने वाली है, जबकि उसका पति नर्मदापुरम पुलिस विभाग में पदस्थ है। दोनों की करीब एक साल पहले शादी हुई थी। महिला के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। इसके बाद महिला ने पति के खिलाफ धारा 498-A के तहत मामला दर्ज कराया था। यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। इसी बीच पति ने महिला को तलाक का नोटिस दिया, जिसकी प्रक्रिया भी चल रही है। महिला ने जबरन संबंध बनाने का लगाया आरोप महिला का आरोप है कि तलाक की प्रक्रिया चलने के दौरान उसका पति खंडवा स्थित घर आया था और उसने उसकी इच्छा के खिलाफ जबरन संबंध बनाए। इसी शिकायत को लेकर वह गुरुवार को सिटी थाने पहुंची थी। वहीं पति ने महिला के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि वह पत्नी की हरकतों से परेशान है और उस पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। पति के अनुसार, पत्नी ने ही उसे यह कहकर घर बुलाया था कि तलाक होने वाला है और बातचीत के लिए घर आ जाए। उसके मुताबिक, इसके बाद दोनों के बीच सहमति से संबंध बने थे। TI बोले- पहले से कोर्ट में विचाराधीन है 498-A का मामला सिटी थाना TI गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि महिला ने पति के खिलाफ पहले से धारा 498-A के तहत मामला दर्ज कराया है, जो कोर्ट में विचाराधीन है। दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया भी चल रही है। TI के अनुसार, महिला ने पति पर दुष्कर्म का जो आरोप लगाया है, उसमें थाने में FIR दर्ज करने के बजाय कोर्ट में परिवाद दायर करने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। महिला को इसी संबंध में जानकारी दी गई है।