समाचार · मध्य प्रदेश
हरदा के चारखेड़ा में तीन रातों में तीन चोरियां:रेलवे स्टेशन से चोरी बाइक से दुकानों के ताले काटे, गश्त बढ़ाने की मांग
हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के चारखेड़ा गांव में लगातार तीन रातों में तीन चोरी की घटनाएं हुई हैं। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल है। चोरों ने हरदा रेलवे स्टेशन से चोरी हुई बाइक का इस्तेमाल कर दो रातों तक दुकानों के शटर के ताले काटकर चोरी की। सीसीटीवी फुटेज में एक ही संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग जगहों पर दिखा है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। मंगलवार रात हरदा रेलवे स्टेशन परिसर से एक बाइक चोरी हुई थी। इसके बाद मंगलवार-बुधवार की रात करीब 3 बजे चारखेड़ा निवासी गणेश मांगुल्ले की दुकान का शटर का ताला काटकर चोरी की गई। दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा। इसकी सूचना डायल-112 को दी गई। अगले ही दिन बुधवार-गुरुवार की रात करीब 2:30 बजे गणेश कुशवाहा की दुकान को निशाना बनाया गया। सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने पर दुकान संचालक मौके पर पहुंचे और पुलिस को बताया। थाना प्रभारी मुकेश गौड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर जांच की। संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग जगहों पर दिखा
पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे, जिसमें वही संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग जगहों पर दिखा। ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 3:15 बजे संदिग्ध बाजार चौक में एक चार पहिया वाहन से पेट्रोल चोरी करते हुए भी दिखा। ग्रामीणों की नजर पड़ते ही वह मौके से भाग गया। इसी बीच मनियाखेड़ी रोड पर एक लावारिस बाइक मिलने की सूचना पर एसआई रामविलास करपे मौके पर पहुंचे। जांच में चेचिस नंबर से पता चला कि यह वही बाइक है, जो हरदा रेलवे स्टेशन से चोरी हुई थी। लगातार चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने और चोरियों को तुरंत रोकने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले भी कभी केबल वायर, कभी लोहे की रॉड, कभी बाइक तो कभी दुकानों में चोरी की घटनाएं होती रही हैं। इस दौरान थाना प्रभारी मुकेश गौड़, एसआई प्रियंका पाठक, दिनेश शेखावत, रामविलास करपे, अनूप कामले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।