Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सिवनी में पुलिस का सघन यातायात अभियान:15 वाहनों पर कार्रवाई, 7,500 रुपए का जुर्माना वसूला

INT News7 August 2026 at 08:36 am

सिवनी शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार रात थाना कोतवाली और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बाहुबली चौक, एसपी बंगला, बिसेन हॉस्पिटल, विशाल मेगा मार्ट, मानेगांव तिराहा और बाबरिया रोड सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर (बुलेट) का उपयोग करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। इसके अतिरिक्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी गहन जांच की गई, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने सड़क किनारे दुकानों के सामने यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले बोर्ड और अन्य अवरोधों को भी हटवाया। अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाइश देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण या विज्ञापन बोर्ड लगाने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। सभी से नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस संयुक्त अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 15 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 7,500 रुपए का शमन शुल्क वसूला गया। 100 से अधिक वाहन चालकों को समझाइश दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।