समाचार · छत्तीसगढ़
धनी धर्मदास साहब का प्रगटोत्सव का आयोजन:अमलेश्वर धाम में दिनभर हुए धार्मिक आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने किया दर्शन
सतगुरु कबीर साहब के परम शिष्य धनी धर्मदास जी साहब का प्रगटोत्सव और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सद्गुरु कबीर धाम अमलेश्वर का स्थापना दिवस श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धाम में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम हुए। इनमें बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयायियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में गुरु गोस्वामी भानुप्रताप साहब का धाम में आगमन हुआ। उनके सानिध्य में श्रद्धालुओं ने दर्शन और बंदगी कर आशीर्वाद लिया। गुरु के आगमन पर अनुयायियों में उत्साह रहा। विशाल भंडारे का आयोजन इस दौरान सात्विक यज्ञ, चौका और आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। पूरे आयोजन में भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा। आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन भंडारे की व्यवस्था की गई थी। भंडारा लगातार चलता रहा। इसमें रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। यह आयोजन सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली सेवा समिति, SKDV मिशन, नवयुवक मंडल और अमीन माता महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।