Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सूरजपुर के जंगलों में 12 हाथी पहुंचे:11 का झुंड बेबी एलिफेंट के साथ घूम रहा, एक हाथी शिवनगर में अकेला; खेतों की फसल नुकसान

INT News24 November 2026 at 09:54 pm

सूरजपुर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र के जंगलों में 12 हाथियों का दल पहुंच गया है। इनमें बेबी एलिफेंट भी शामिल हैं। 11 हाथियों का झुंड जनार्दनपुर और शिवनगर के जंगलों में एक साथ घूम रहा है, जबकि एक हाथी शिवनगर के जंगल में अकेला मौजूद है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों के लोगों में दहशत है। वहीं, जंगल किनारे खेतों में लगी फसलों को भी हाथी नुकसान पहुंचा रहे हैं। यह हाथियों का दल प्रेमनगर क्षेत्र के तारा सर्किल अंतर्गत रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के जंगलों में घूम रहा है। हाथियों के आने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को डर है कि हाथी कभी भी गांवों की ओर आ सकते हैं और उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग और हाथी मित्र दल नजर रख रहे हैं। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से जंगल में अकेले नहीं जाने और हाथियों के दिखाई देने पर उनके पास नहीं जाने की अपील की गई है। खासकर बेबी एलिफेंट के साथ घूम रहे हाथियों के नजदीक जाना खतरनाक हो सकता है। हाथियों से सुरक्षा के इंतजाम पर उठाए सवाल सूरजपुर वनमंडल में लगातार हाथियों की मौजूदगी और हमलों की घटनाओं के बीच वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लोकेशन की जानकारी समय पर मिलनी चाहिए, ताकि लोग पहले से सतर्क हो सकें। इसके लिए हाथियों के आने-जाने वाले गांवों में मुनादी कराने और समय पर सूचना देने की व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है। साथ ही ग्रामीणों को यह भी बताया जाना चाहिए कि हाथियों के आने पर उन्हें क्या करना है और कहां सुरक्षित रहना है।