समाचार · पंजाब
मोहाली- पैसा ट्रांसफर कराने आए युवक ने दुकान लूटी:पिस्तौल दिखाकर 40 हजार छीना, 15 मिनट पहले ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का बहाना किया
मोहाली के फेज-6 स्थित वाल्मीकि कॉलोनी में बेखौफ बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने पिस्तौल की नोक पर एक मनी ट्रांसफर और फोटोस्टेट की दुकान से 40 हजार रुपए की नकदी लूट ली और फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने ऑनलाइन पेमेंट कराने का बहाना बनाकर दुकान की रेकी भी की थी। गूगल पे से कैश लेने के बहाने की रेकी
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित दुकानदार रघुनाथ ने बताया कि घटना 21 नवंबर की रात करीब पौने 9 बजे की है। उस समय उनका बेटा किसी काम से बाहर गया हुआ था और वह अकेले ही दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर दो युवक वहां आए। उनमें से एक ने गूगल पे (Google Pay) के जरिए 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर बदले में नकद रुपए देने की बात कही। रघुनाथ द्वारा ट्रांजेक्शन करने से मना करने पर दोनों युवक वहां से लौट गए। 15 मिनट बाद लौटकर शटर गिराया और तान दी पिस्तौल
पीड़ित के मुताबिक, करीब 15 मिनट बाद दोनों आरोपी फिर से दुकान पर आ धमके। इस बार एक युवक बाहर ही बुलेट मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक जबरदस्ती दुकान के अंदर घुस गया। उसने अंदर आते ही दुकान का शटर नीचे गिरा दिया और रघुनाथ पर पिस्तौल तानकर गल्ले में रखी सारी नकदी देने को कहा। जान का खतरा देख रघुनाथ ने गल्ले में रखे 40 हजार रुपए निकालकर उसे दे दिए। दार स्टूडियो की तरफ भागे आरोपी, जांच में जुटी पुलिस
नकदी लूटने के बाद आरोपी बाहर खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर दारा स्टूडियो की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं।