Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

राहुल गांधी के देहरादून आने से पहले कांग्रेस और पुलिस में झड़प, रातभर हंगामा; क्या विवाद

INT News15 July 2026 at 07:51 am

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के बीच ‘टकराव’ अपने चरम पर पहुंच गया। दिन में शुरू हुआ विवाद देर रात हंगामे में तब्दील हो गया, जब अनुमति निरस्त होने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता आधी रात परेड ग्राउंड की ओर कूच कर गए। करीब एक घंटे तक चले विरोध, नारेबाजी और पुलिस से तीखी झड़प के बाद कांग्रेस ने अपना कार्यक्रम रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल में करने की घोषणा की।दिन में रोकी ट्रकों की एंट्रीपरेड ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सुबह से ही विवाद शुरू हो गया था। कांग्रेस की ओर से टेंट और अन्य सामग्री लेकर पहुंचे ट्रकों को नगर निगम की टीम ने ग्राउंड में प्रवेश से रोक दिया। निगम का तर्क था कि पुलिस व जिला प्रशासन की एनओसी के बिना कार्यक्रम की अनुमति प्रभावी नहीं है। नगर आयुक्त एके पांडेय ने कहा कि सभी विभागों की अनापत्ति के बिना टेंट नहीं लगाया जा सकता। वहीं एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस अपनी रिपोर्ट भेज चुकी है और अंतिम निर्णय प्रशासन को लेना है। दूसरी ओर कांग्रेस ने दावा किया कि 15 से 17 जुलाई के लिए विधिवत शुल्क जमा कर अनुमति ली गई है और प्रशासन जानबूझकर बाधा डाल रहा है।अनुमति निरस्तशाम को विवाद तब और बढ़ गया, जब प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति से इनकार कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट आरसी तिवारी ने आदेश जारी कर रेसकोर्स स्थित बन्नू ग्राउंड व गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज वैकल्पिक स्थल के रूप में प्रस्तावित किए। प्रशासन का कहना है कि परेड ग्राउंड में ‘लोक संवर्धन पर्व’ चल रहा है। साथ ही आसपास स्कूल, अस्पताल व वीवीआईपी मूवमेंट के चलते यातायात दबाव को देखते हुए यहां कार्यक्रम संभव नहीं है। निगम ने कांग्रेस द्वारा जमा 1.77 लाख रुपये वापस करने के निर्देश भी दिए।आधी रात सड़क पर उतरी कांग्रेसअनुमति निरस्त होने से नाराज कांग्रेस ने रात 11 बजे पार्टी मुख्यालय से परेड ग्राउंड तक कूच किया। सामान से लदे ट्रकों को अंदर ले जाने की कांग्रेसियों की कोशिश को पुलिस ने रोक दिया, जिससे तीखी झड़प हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी गई। करीब एक घंटे चले हंगामे के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रणनीति बदलते हुए कार्यक्रम बन्नू स्कूल में आयोजित करने का निर्णय लिया। देर रात ही सभी नेता वहीं से लौट गए। इस दौरान भुवन कापड़ी, सूर्यकांत धस्माना, गरिमा दसौनी, जसविंदर गोगी समेत तमाम नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस की तैयारियांकांग्रेस नेता ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारयों में जुटे हैं। पार्टी नेताओं ने मंगलवार को अलग-अलग बैठकों के जरिए छात्रों व युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।कांग्रेस मुख्यालय में बैठक में ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.अनिल जय हिंद ने कहा कि राहुल गांधी पेपर लीक, रोजगार, शिक्षा और संविधान से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठा रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ उसी कड़ी का हिस्सा है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई नेता मौजूद रहे।उधर, पूर्व विधायक राजकुमार की बैठक में भी छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने व परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही गई। वक्ताओं ने युवाओं में बढ़ती निराशा पर चिंता जताई। वहीं, महानगर कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने छात्रों, व्यापारियों व पार्षदों से कार्यक्रम में समय पर पहुंचने व पंजीकरण कराने की अपील की।अंबेडकर भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने शिक्षा, सामाजिक न्याय और संविधान के मुद्दों पर छात्रों को जागरूक करते हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।स्थान विवाद चाल : भट्टभाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' को लेकर खड़े किए जा रहे स्थल विवाद को कांग्रेस की पुरानी राजनैतिक चाल बताया। मंगलवार को मीडिया को जारी बयान में भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का मकसद छात्रों से संवाद करना नहीं बल्कि केवल राजनीतिक ड्रामा खड़ा करना है।कांग्रेस ने लगाए आरोपकांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि तानाशाह सरकार राहुल गांधी से डर गई है। उन्होंने कहा कि हम रात को केवल यह दिखाने आए थे कि जिस मैदान के लिए अनुमति मांगी थी, वह खाली पड़ा है। डॉ.हरक सिंह ने इसे युवाओं और किसानों के भविष्य की लड़ाई बताया, जबकि प्रीतम सिंह ने अनुमति निरस्त करने को शर्मनाक करार दिया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार दमनात्मक रवैया अपना रही है, पर कार्यक्रम हर हाल में होगा।राहुल का छात्रों से जुड़ने का आह्वानलोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' अभियान में देशभर के छात्रों से शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए व्यापक जन आंदोलन की आवश्यकता है।राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था में न तो छात्रों की मेहनत का सम्मान है और न ही उनके सपनों की सुरक्षा। उन्होंने आरोप लगाया, तैयारी करो तो पेपर लीक मिलेगा, सवाल पूछो तो देश-विरोधी का दाग मिलेगा और लाखों रुपये खर्च करो तो न शिक्षा मिलेगी, न रोजगार। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसे शिक्षा क्रांति का नाम दिया व छात्रों से 17 जुलाई को दून में 'छात्रों की गूंज' अभियान में शामिल होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।