Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कनाड़िया जंक्शन डबल डेकर ब्रिज रद्द:आईडीए ने शासन को भेजा प्रस्ताव, अगले 5 वर्षों में ट्रैफिक तीन गुना बढ़ने का अनुमान

INT News7 August 2026 at 12:21 am

इंदौर बायपास पर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए कनाड़िया रोड जंक्शन पर प्रस्तावित 150 करोड़ रुपए की डबल डेकर ब्रिज परियोजना रद्द कर दी गई है। तकनीकी दिक्कतों और अधिक लागत के कारण अब इस स्थान पर 6-लेन अंडरपास बनाने की तैयारी की जा रही है। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने राज्य के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को प्रस्ताव भेजकर कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया है। 1000 एकड़ की तीन टाउनशिप से तीन गुना बढ़ेगा ट्रैफिक आईडीए अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित टाउनशिप, डबल डेकर ब्रिज और अन्य विकास कार्यों के कारण भविष्य में ट्रैफिक कई गुना बढ़ेगा। डबल डेकर ब्रिज केवल एक चौराहे की समस्या हल करता, जबकि पूरे बायपास के लिए एमआर-10 जैसी फ्री-फ्लो व्यवस्था अधिक प्रभावी मानी गई है। आईडीए ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अगले 2-3 वर्षों में मौजूदा व्यवस्था पूरी तरह दबाव में आ जाएगी। अभी की स्थिति एनएचएआई द्वारा कनाड़िया और बिचौली हप्सी पर बनाए गए दो-लेन बॉक्स टाइप फ्लाईओवर 8-10 साल पुराने हो चुके हैं और ट्रैफिक के हिसाब से छोटे पड़ रहे हैं। दो-लेन स्ट्रक्चर होने के कारण सामान्य ट्रैफिक के लिए भी लंबे जाम लगते हैं। मांगलिया और देवगुराड़िया की ओर से आने वाले वाहनों के कारण सर्विस रोड पर लगातार जाम रहता है। आईडीए का सुझाव है कि इन पुराने स्ट्रक्चर में सुधार कर या नए सिरे से निर्माण कर एमआर-10 जैसी फ्री-फ्लो व्यवस्था बनाई जाए। 50 हजार वाहनों का अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है आईडीए की तीन बड़ी परियोजनाएं—बायपास के दूसरी ओर टीपीएस-4, टीपीएस-5 और टीपीएस-9 नाम से करीब 1000 एकड़ में विकसित हो रही टाउनशिप—आने वाले समय में ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ाएंगी। सड़कों का चौड़ीकरण: कनाड़िया और बिचौली हप्सी रोड को मास्टर प्लान के अनुसार चौड़ा किया जा रहा है, जिससे नई कॉलोनियों का ट्रैफिक सीधे इन जंक्शनों तक पहुंचेगा। कमर्शियल विस्तार: बायपास की सर्विस रोड चौड़ी करने और अंडरग्राउंड यूटिलिटी शिफ्टिंग की डीपीआर तैयार की जा रही है। टीपीएस क्षेत्रों में कमर्शियल गतिविधियां बढ़ने से यातायात भी बढ़ेगा। अनुमान: एमआर-9, कनाड़िया और बिचौली हप्सी जंक्शन से अभी करीब 1 लाख वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। नई योजनाओं के बाद लगभग 50 हजार अतिरिक्त वाहनों का दबाव बढ़ने का अनुमान है। इसलिए रद्द हुआ डबल डेकर ब्रिज आईडीए ने कनाड़िया रोड की समानांतर आंतरिक सड़क से जोड़ते हुए डबल डेकर ब्रिज का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन जांच में यह योजना व्यवहारिक नहीं पाई गई। तकनीकी अड़चन: 108 मीटर लंबा मल्टीलेवल स्ट्रक्चर और कनाड़िया रोड से फ्रंट रैंप बनाना तकनीकी रूप से जटिल था। अधिक लागत: परियोजना पर 150 करोड़ रुपए से अधिक खर्च आ रहा था, जबकि इससे केवल कनाड़िया चौराहे की समस्या का ही आंशिक समाधान होता।