समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में कार से विदेशी पिस्टल मिली:‘मेड इन यूएसए’ हथियार और 3 कारतूस के साथ 2 युवक गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
सतना में सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुरुवार रात पेट्रोलिंग के दौरान कार सवार तीन लोगों को अवैध हथियार के साथ पकड़ा है। तलाशी में एक आरोपी के पास से ‘मेड इन यूएसए’ ऑटोमेटिक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने दो आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। कोठी तिराहे के पास घेराबंदी कर कार रोकी पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग की कार (MP 19 ZU 1935) में तीन लोग अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने कोठी तिराहे के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार की ड्राइविंग सीट पर उदित अग्निहोत्री (28) निवासी खैरा-बगहा, उसके पास सतेंद्र चौधरी (20) निवासी बगहा और पीछे की सीट पर एक नाबालिग मिला। उदित के पास मिली विदेशी पिस्टल पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उदित के पास से ‘मेड इन यूएसए’ लिखी ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई है। तीनों को कार समेत थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने हथियार खरीदने को लेकर कुछ जानकारी दी है। अब पुलिस इन जानकारियों की जांच कर हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। आर्म्स एक्ट में केस, कार भी जब्त प्राथमिक जांच के बाद तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। शुक्रवार को उदित और सतेंद्र को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी की कार भी जब्त कर ली है। कार की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है।