समाचार · उत्तर प्रदेश
हरदोई में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा, 14 हजार में लाते थे पिस्टल, 30 हजार में बेचते थे; 5 तमंचों के साथ 3 दबोचे

Hardoi illegal arms smuggling : हरदोई जिले में अवैध असलहों की सप्लाई करने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़ लिया है। एफसीआई गोदाम के पीछे घेराबंदी कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 5 देशी .32 बोर पिस्टल, 10 मैगजीन और 900 रुपये नकद बरामद हुए हैं.
MP से खरीदकर दोगुने दाम में बेचते थे.
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य सप्लायर मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के जंगलों में चल रही अवैध फैक्ट्री से 14 से 15 हजार रुपये में पिस्टल खरीदकर लाता था और हरदोई व आसपास के जिलों में 28 से 30 हजार रुपये में बेच देता था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के हातमपुर शेख निवासी रवि कुमार, पिहानी के मोहसिनपुरवा निवासी मो. रियासत और टड़ियावां के गढ़ी निवासी मोबीन के रूप में हुई है.
दवा फैक्ट्री में हुई थी दोस्ती
एएसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि रवि कुमार इस गिरोह का मुख्य सप्लायर है.रवि और मोबीन की मुलाकात हिमाचल प्रदेश की एक दवा फैक्ट्री में काम के दौरान हुई थी. मो. रियासत के कहने पर मोबीन ने रवि से पिस्टल मंगवाई थी. रवि हथियार लेकर हरदोई पहुंचा ही था कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया.
मुख्य आरोपी पर पहले से 10 मुकदमे
मुख्य आरोपी रवि कुमार शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें दिल्ली के लोधी कॉलोनी में स्पेशल सेल में आर्म्स एक्ट के दो केस भी शामिल हैं। बिजनौर में भी उस पर कई केस दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी इससे पहले किस-किस को हथियार बेच चुके हैं और खरीदने वाले इनका किस काम में इस्तेमाल करने वाले थे.एएसपी ने बताया कि बरामद हथियारों का अभी तक किसी वारदात में इस्तेमाल होना नहीं मिला है.तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर पूरे नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी गई है.
Also Read : इलाहाबाद हाई कोर्ट का सख्त आदेश,अब ड्रेस कोड में ही पेश होंगे अधिकारी, सरकार ने जारी की गाइडलाइन