समाचार · मध्य प्रदेश
असीरगढ़ के पास बाइक दुर्घटनाग्रस्त, तीन युवक गंभीर घायल:आदिवासी दिवस कार्यक्रम से लौट रहे थे; हाईवे मोबाइल टीम ने अस्पताल पहुंचाया
बुरहानपुर में आदिवासी दिवस कार्यक्रम से लौटते समय असीरगढ़ के पास हुए एक सड़क हादसे में ग्राम झांझर के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बुरहानपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। यह घटना रविवार रात लगभग 9:30 बजे की है। झांझर निवासी अरुण, दीपू और एक अन्य युवक आदिवासी दिवस का कार्यक्रम देखकर वापस लौट रहे थे। असीर के पास उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही हाईवे चौकी मोबाइल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस जवान हेमराज कैथवास और आरक्षक सचिन जाधव ने बिना देरी किए घायलों को बुरहानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी घायल ग्राम झांझर के रहने वाले हैं, जो निंबोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की जांच की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।