समाचार · गुजरात
Ahmedabad: स्टील कॉइल की आड़ में पोस्त डोडा की तस्करी का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार

Ahmedabad. गुजरात में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और एंटी नारकोटिक्स विंग (एएनडब्ल्यू) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खेड़ा-धोलका हाईवे पर एक ट्रक-ट्रेलर से स्टील कॉइल की आड़ में छिपाकर ले जाए जा रहे 696.94 किलोग्राम अवैध पोस्त डोडा (ओपीएट्स) को बरामद किया है। जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ चार लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है। नागपुर से साणंद जा रहे ट्रक-ट्रेलर में ले जाई जा रही थी खेप ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को बताया कि टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि राजस्थान पासिंग का एक ट्रक-ट्रेलर महाराष्ट्र के नागपुर से गुजरात के अहमदाबाद जिले की साणंद तहसील के लिए निकला है। उसमें स्टील कॉइल के बीच नशीले पदार्थ पोस्त डोडा का बड़ा जत्था है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर एसओजी और एएनडब्ल्यू की संयुक्त टीमों ने 8 अक्टूबर की रात खेड़ा-धोलका हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को ट्रेस किया। जब ट्रक-ट्रेलर की तलाशी ली गई और कॉइल पर बंधी ताड़पत्री को हटाकर देखा गया, तो काले और पीले रंग के 36 प्लास्टिक के कट्टों में अवैध पोस्त डोडा बरामद हुआ। झाबुआ में लादा गया था मादक पदार्थ जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक चालक नागपुर से टाटा मोटर्स, साणंद के लिए स्टील कॉइल भरकर निकला था। रास्ते में झाबुआ (मध्य प्रदेश) के पास संतोष नाम के व्यक्ति ने पोस्त डोडा से भरे ये कट्टे ट्रक में लोड करवाए थे। इसे सामान्य औद्योगिक माल की तरह दिखाकर 2,00,000 रुपए के किराए पर गुजरात में कच्छ जिले के सामख्याली के जेताराम कडवाशा तक पहुंचाने की योजना थी। इसका नाम सामने आने पर टीम ने इसे भी हिरासत में ले लिया है। आरोपी ट्रक चालक बाडमेर का निवासी इस मामले में धोलका ग्रामीण थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। राजस्थान के बाडमेर जिले की गुडामालानी तहसील के खारिया खुर्द तरड की धाणी गांव निवासी ट्रक चालक भैराराम तरड (33) को गिरफ्तार कर लिया है। एक करोड़ का पोस्त डोडा, 20 लाख का ट्रक-ट्रेलर, 22 लाख से ज्यादा की स्टील कॉइल, दो मोबाइल और 32 हजार की नकदी सहित कुल डेढ़ करोड़ का मुद्दामाल जब्त किया है।