Sunday, 11 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · दिल्ली

रविवार को दिल्ली में खुले रहेंगे मेट्रो और बाजार, इन रास्तों पर जानें से बचें; घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी

INT News11 October 2026 at 12:36 am

रविवार (11 अक्टूबर) को CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. इस कारण से कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट है और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की परेशानी कम करने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

सुबह 6 बजे से इन सड़कों पर रहेगा डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रविवार को संभावित माहौल को देखते हुए, दिल्ली के कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं. ये बदलाव सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएंगे और जरूरत के मुताबिक, पुलिस मौके पर भी इन नियमों में बदलाव कर सकती है.

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक प्रभावित होने वाले संभावित इलाकों में जंतर-मंतर रोड, अशोक रोड, संसद मार्ग, पटेल चौक, रेल भवन, गोल डाकखाना, मंडी हाउस, झंडेवालान और पंचकुइयां गोल चक्कर शामिल हैं.

इसके अलावा कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, बाराखंबा रोड, मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग, जनपथ और विंडसर पैलेस गोल चक्कर के आसपास भी ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो सकती है.

दक्षिण और मध्य दिल्ली के कुछ दूसरे हिस्सों में भी यात्रियों को परेशानी हो सकती है. इनमें धौला कुआं फ्लाईओवर, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोल चक्कर, मदरसा टी-पॉइंट, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के आसपास के इलाके शामिल हैं.

मेट्रो स्टेशन और बाजार खुले रहेंगे?

जानकारी के मुताबिक रविवार को बाजार और मेट्रो स्टेशन खुले रहेंगे. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शनिवार को बताया कि दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट्स खोल दिए गए हैं. सभी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा भी उपलब्ध है. यात्री अब बिना किसी रुकावट के स्टेशनों में घुस और निकल सकते हैं.

आम लोगों के लिए क्या है, ट्रैफिक पुलिस की सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने के लिए घर से पहले निकलें. रास्ते में लगने वाले जाम को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय रखें. रविवार को सफर करने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया और वेबसाइट से ताजा जानकारी ली जा सकती है.

ये भी पढ़ें: CJP Protest: दिल्ली में पाबंदियों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- सुरक्षा के नाम पर सार्वजनिक परिवहन बंद नहीं कर सकते, रविवार को विशेष सुनवाई