Sunday, 11 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

पंडालों से घरों तक बढ़ी बिजली की जरूरत, झारखंड में 2700-2900 मेगावाट पहुंची मांग

INT News11 October 2026 at 12:51 am

रांची. झारखंड में पूजा उत्सव शुरू होते ही बिजली की मांग में अचानक बढ़ोतरी हुई है. राज्य में बिजली की मांग 2700 से 2900 मेगावाट तक पहुंच गयी है. हालांकि, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के पास फिलहाल पर्याप्त बिजली उपलब्ध है. इस वजह से राज्य में बिजली की कमी की स्थिति नहीं बनी है.

सामान्य दिनों से करीब 300 मेगावाट बढ़ी मांग

डीवीसी कमांड एरिया में करीब 600 से 700 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है. वहीं, झारखंड के बाकी हिस्सों में बिजली की मांग करीब 1900 से 2000 मेगावाट है. जेबीवीएनएल के एक अधिकारी के अनुसार, पूजा उत्सव के कारण सामान्य दिनों की तुलना में करीब 300 मेगावाट अधिक बिजली की मांग बढ़ी है.

इन स्रोतों से मिल रही बिजली

फिलहाल झारखंड को तेनुघाट प्लांट से 310 मेगावाट, सेंट्रल पूल और नॉर्थ कर्णपुरा प्लांट से 1001 मेगावाट, आधुनिक से 182 मेगावाट और पतरातू से 638 मेगावाट बिजली मिल रही है. दिन के समय गेतलसूद फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट से भी करीब 80 मेगावाट बिजली मिली. शाम होते ही सोलर से मिलने वाली यह बिजली शून्य हो गयी. इस तरह दिन में करीब 2255 मेगावाट बिजली उपलब्ध थी.

पतरातू की दूसरी यूनिट में आई तकनीकी खामी

शनिवार को पतरातू पावर प्लांट की 800 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी यूनिट में तकनीकी खराबी के कारण उत्पादन बंद हो गया था. इसके चलते केवल एक यूनिट से 638 मेगावाट बिजली मिल रही थी. देर शाम पतरातू की दूसरी यूनिट को फिर चालू कर दिया गया.

ये भी पढ़ें: Success Story: 26 साल से BIT Mesra में सफाई कर रही मां, बेटी ने उसी संस्थान से हासिल की PhD डिग्री

सिकिदिरी की एक यूनिट से ही उत्पादन

गेतलसूद डैम के एक फाटक में तकनीकी खामी आने के कारण सिकिदिरी हाइडल पावर प्लांट की दो में से एक यूनिट से ही बिजली उत्पादन हो रहा है. इस यूनिट को फिलहाल सुबह और शाम के समय चलाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: त्योहारी भीड़ से पहले रांची स्टेशन को मिलेगी नई सुविधा, 10 अक्टूबर को खुलेगा साउथ गेट; 12 से 2 टिकट काउंटर

उत्पादन और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर

जेबीवीएनएल के अनुसार, शनिवार को डैम के फाटक की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया. इसके बाद रविवार से सिकिदिरी हाइडल की दूसरी यूनिट से भी बिजली उत्पादन शुरू होने की संभावना है. बिजली की मांग बढ़ने के बावजूद फिलहाल उपलब्ध स्रोतों से आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है. पूजा उत्सव के दौरान बढ़ी खपत को देखते हुए उत्पादन और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.