Sunday, 11 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा रद्द:RPF के स्थापना दिवस पर शामिल होने आ रहे थे रायपुर, एक महीने से तैयारियों में जुटा था रेलवे प्रशासन

INT News11 October 2026 at 12:40 am

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है। उन्हें सोमवार, 12 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। रेलवे प्रशासन पिछले एक महीने से इस आयोजन और रेल मंत्री के दौरे की तैयारियों में जुटा था। इससे पहले उनका दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बदलकर 12 अक्टूबर किया गया था। राजधानी में होने वाले इस समारोह में रेलवे सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति RPF की प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जानी है। कार्यक्रम में RPF की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और RPF के महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद सहित रेलवे, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। सेरेमोनियल परेड होगी आकर्षण समारोह में सेरेमोनियल परेड प्रमुख आकर्षण होगी। इसमें महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो टुकड़ी, डॉग स्क्वॉड और सेगवे टुकड़ी शामिल होंगी। इनके जरिए RPF की अनुशासन व्यवस्था, प्रशिक्षण और आधुनिक सुरक्षा तैयारियों का प्रदर्शन किया जाएगा। अधिकारियों-जवानों को मिलेंगे पदक कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए RPF के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने की योजना है। इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक और वर्ष 2024 में रेल यात्री की जान बचाने के लिए जीवन रक्षा पदक शामिल हैं। तकनीकी प्रदर्शनी में दिखेंगे आधुनिक उपकरण समारोह में तकनीकी प्रदर्शनी भी प्रस्तावित है। इसमें ड्रोन पेट्रोलिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट, अर्जुन और अपराध पहचान से जुड़े डिजिटल टूल्स CCTNS व NAFIS प्रदर्शित किए जाएंगे। इन तकनीकों के जरिए रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।