Friday, 28 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सतर्क रहें : राजधानी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, रिम्स व निजी लैब की जांच में अब तक 24 संक्रमित

INT News28 August 2026 at 09:33 am

रांची. झारखंड में स्वाइन फ्लू (एचवनएनवन) ने दस्तक दे दी है. राजधानी रांची में लगातार इसके नये मरीज सामने आ रहे हैं. रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आये 11 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की गयी, जिनमें आठ में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है. इनमें माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ अशोक कुमार शर्मा भी संक्रमित पाये गये हैं.

10 दिनों में 16 लोग मिले स्वाइन फ्लू से संक्रमित

वहीं, राजधानी के निजी लैबों में भी रोजाना एक-दो नये मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो रही है. माइक्रो प्रैक्सिस लैब में पिछले 10 दिनों में 16 लोग स्वाइन फ्लू से संक्रमित मिले हैं. शहर के अन्य बड़े निजी लैबों में भी प्रतिदिन एक से दो नये संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं. रिम्स और निजी लैब की जांच को मिलाकर अब तक 24 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है.

अधिकांश मरीज बाहर से लौटे

जिन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, उनमें अधिकांश हाल में दूसरे राज्यों या शहरों की यात्रा कर वापस लौटे हैं. घर आने के बाद उन्हें तेज बुखार, गले में दर्द, सर्दी और खांसी की शिकायत शुरू हुई. डॉक्टर की सलाह पर जांच कराने के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई.

अलर्ट मोड में स्वास्थ्य विभाग

मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में है. राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों को स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. आइसीएमआर ने भी संक्रमण को लेकर लोगों को सावधान किया है. आइसीएमआर के महानिदेशक राजीव बहल के अनुसार, स्वाइन फ्लू से मौत की दर काफी कम है, लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी जरूरी है.

ये भी पढ़ें: बस से 250 रुपये, ट्रेन से सिर्फ 55 रुपये! हटिया-बानो के बीच पहली बार चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा टाइम टेबल

घबरायें नहीं, लेकिन अतिरिक्त सावधानी बरतें

स्वाइन फ्लू एचवनएनवन वायरस से होने वाला संक्रमण है. यह संक्रमित व्यक्ति के सांस लेने, खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने से फैल सकता है. तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी और शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए.

ये भी पढ़ें: MBBS-BDS सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी, रिम्स में जनरल कैटेगरी का क्लोजिंग स्कोर पहुंचा 595

डॉक्टर की सलाह

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें. हाथों की नियमित सफाई रखें. कोरोना काल के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए अपनायी गयी सावधानियों को फिर से अमल में लाने की जरूरत है.

डॉ पूजा सहाय, माइक्रोबायोलॉजिस्ट

पांच दिन में हो जाता है ठीक, तेज बुखार में डॉक्टर से लें सलाह

स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लापरवाही भी नहीं करनी चाहिए. कोरोना काल के दौरान अपनायी गयी सावधानियों का पालन करना चाहिए. आमतौर पर स्वाइन फ्लू तीन से पांच दिनों में सामान्य दवा और बचाव से ठीक हो जाता है.

हालांकि, अगर बुखार लगातार बना रहे या शरीर का तापमान 104-105 डिग्री तक पहुंच जाये और गले में तेज दर्द हो, तो तत्काल डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

डॉ अशोक कुमार शर्मा, प्रभारी विभागाध्यक्ष, माइक्रोबायोलॉजी विभाग, रिम्स