Friday, 28 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

जवानों को युवतियों ने बांधी राखी:कोंडागांव में ITBP जवानों ने बहनों की सुरक्षा का लिया संकल्प, युवतियों ने दोहराया देश सेवा का वादा

INT News28 August 2026 at 10:42 am

रक्षाबंधन के मौके पर कोंडागांव के विकास नगर स्टेडियम में भावुक कर देने वाला आयोजन हुआ। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर में शामिल युवतियों ने 29वीं वाहिनी ITBP के जवानों को राखी बांधी। जवानों ने बहनों की सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया। वहीं युवतियों ने भी देश की सुरक्षा और सेवा का संकल्प दोहराया। देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवान अक्सर त्योहार अपने परिवार से दूर मनाते हैं। इसी को देखते हुए पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से यह आयोजन किया गया। युवतियों ने जवानों को राखी बांधकर उनके त्याग, साहस और समर्पण के प्रति सम्मान जताया। राखी बंधवाने के बाद जवानों ने युवतियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और सेना व पुलिस में भर्ती होकर देश सेवा का सपना पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दीं। जवानों को मिला परिवार जैसा अपनापन परिषद के बस्तर संभाग प्रभारी एवं संरक्षक सुब्रत साहा ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान देश की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ड्यूटी के कारण वे कई बार अपने परिवार और त्योहारों से दूर रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर युवतियों द्वारा राखी बांधना जवानों को परिवार और अपनेपन का एहसास कराने की छोटी लेकिन भावनात्मक पहल है। युवतियों का भी बढ़ा हौसला राखी बंधवाने के बाद ITBP जवानों ने पूर्व सैनिक सेवा परिषद और प्रशिक्षण ले रही युवतियों का आभार जताया। जवानों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मुलाकात से सैन्य प्रशिक्षण ले रही युवतियों का उत्साह और मनोबल भी बढ़ा। सेना- पुलिस भर्ती के लिए नि:शुल्क ट्रेनिंग अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव में युवाओं, खासकर युवतियों को सेना और सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए नि:शुल्क शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण दे रही है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को सुरक्षा बलों में करियर के लिए तैयार करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कोंडागांव में कब-बुलबुल टीम ने मनाया रक्षाबंधन पर्व, पेड़ों को राखी बांधी, सैनिकों को भेजीं 1250 राखियां वहीं, भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव के मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला डोंगरीपारा की कब-बुलबुल टीम ने यह पर्व उत्साहपूर्वक मनाया। इस दौरान बुलबुल बहनों ने अपने कब भाइयों और शिक्षकों को रक्षा सूत्र बांधे। इसके बाद विद्यालय परिसर में पीपल के एक विशाल पेड़ को रक्षा सूत्र बांधकर उसकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया गया। शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला डोंगरीपारा और प्राथमिक शाला लोहरापारा के कब-बुलबुल टीम के बच्चों ने पीपल के पेड़ को भाई मानकर उसे राखी बांधी। नियमित रूप से पेड़ों की देखभाल करने और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के सामाजिक संदेश को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना और बच्चों में पेड़-पौधों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।