समाचार · छत्तीसगढ़
CM ने पंडरीपानी में बहनों संग मनाया रक्षाबंधन:24.70 लाख के महतारी सदन का किया लोकार्पण, 64.49 लाख के 6 विकास कार्यों की सौगात
रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में बहनों के साथ पर्व मनाया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इसके बदले सीएम ने उन्हें उपहार देकर स्नेह जताया। इस दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने पंडरीपानी में 24.70 लाख रुपए की लागत से बने महतारी सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल बैठकों के लिए नहीं होगा, बल्कि महिलाओं के प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, उत्पाद बनाने और बेचने के लिए भी काम आएगा। महतारी सदन में हॉल, किचन, स्टोर, कार्यालय और दुकान संचालन के लिए अलग जगह बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पिछले ढाई साल में 481 महतारी सदनों को मंजूरी दी गई है। पंडरीपानी को 64.49 लाख के 6 कामों की सौगात मुख्यमंत्री ने गांव में कुल 64.49 लाख रुपए के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 24.70 लाख रुपए का महतारी सदन, सिसरिंगा बस्ती में 10 लाख रुपए की सीसी सड़क, महलीटोली पहुंच मार्ग में 7.80 लाख रुपए की सीसी रोड और 3.99 लाख रुपए का मंच सह छज्जा शामिल है। इसके अलावा मुडराटोली से बलुआटोली पहुंच मार्ग के लिए 12 लाख रुपए की सीसी रोड और 5.99 लाख रुपए के मुक्तिधाम निर्माण का भूमिपूजन किया गया। फरसाबहार और भेलवा में भी बनेगा महतारी सदन सीएम साय ने फरसाबहार और भेलवा में महतारी सदन बनाने की घोषणा की। वहीं मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपए की स्वीकृति देने की जानकारी दी। 67 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिली महतारी वंदन की किस्त मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन के मौके पर 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 31वीं किस्त के 631 करोड़ 38 लाख रुपए से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई। त्योहार को देखते हुए सितंबर की राशि भी पहले ही जारी कर दी गई। 6 लाख रुपए की मदद से स्व-सहायता समूह मजबूत होंगे कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता भी दी गई। मोंगरा स्व-सहायता समूह भगोरा, वैष्णवी स्व-सहायता समूह कंदईबहार और चांद स्व-सहायता समूह कंदईबहार को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए, जबकि प्रतिज्ञा समूह बड़ा बस्ती को एक लाख रुपए दिए गए। इस राशि से समूह अपनी आजीविका और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ा सकेंगे। वहीं सुकन्या समृद्धि योजना के तहत दो बालिकाओं को पासबुक और स्वामित्व योजना के तहत पांच हितग्राहियों को पट्टे दिए गए। बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी कार्यक्रम में स्वास्थ्य, ग्रामीण आजीविका मिशन और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल भी लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने इनका जायजा लिया। उन्होंने बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही। सीएम ने गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी दी। इसके साथ ही 6 और 7 माह के तीन बच्चों वान्या, श्रेया और साहिल का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने माताओं से बच्चों को उम्र के हिसाब से पौष्टिक भोजन देने की अपील की। महिलाओं ने सीएम को भेंट की टोपी और शॉल कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार टोपी, शॉल और गुलदस्ता मुख्यमंत्री को भेंट किया। सीएम ने महिलाओं से बातचीत कर उनके काम और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। गांव तक पहुंचेंगी सरकारी सेवाएं मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि योजनाओं का लाभ गांव की आखिरी पंक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु के जरिए 36 विभागों की 700 से ज्यादा सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। लोगों की समस्याओं के जल्द समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।