समाचार · मध्य प्रदेश
बस रुकवाकर सराफा व्यापारी से 7.5 करोड़ का सोना लूटा:रतलाम के पास अंदर बैठे दो बदमाश बैग छीनकर भागे; पुलिस टीम सर्चिंग में जुटी
उज्जैन के बड़नगर से रतलाम आ रहे सराफा व्यापारी से बदमाशों ने बस रुकवाकर करीब 5 किलो सोने के जेवरात से भरा बैग लूट लिया। सोने की कीमत करीब 7.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वारदात गुरुवार रात करीब 9.15 बजे इंदौर फोरलेन पर बिलपांक थाना क्षेत्र के रेन फंटे के पास हुई। वारदात की सूचना के बाद एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार और राकेश पंद्रो भी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाके में सर्चिंग की जा रही है। जिले के अन्य थानों के प्रभारियों और पुलिस टीमों को भी बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। ड्राइवर सीट के पास बैठे व्यक्ति ने बस रुकवाई बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान के अनुसार, रतलाम की महलवाड़ा जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया गुरुवार को सोने के जेवरात बेचने के सिलसिले में बड़नगर गए थे। रात करीब 8.15 बजे वे बस से रतलाम के लिए रवाना हुए। बड़नगर से कुछ लोग भी बस में सवार हुए थे। ये लोग अलग-अलग सीटों पर बैठे थे।
व्यापारी की सीट के पीछे बैठे थे बदमाश रात करीब 9.15 बजे बस रेन फंटे के पास पहुंची। यहां ड्राइवर की सीट के पास बैठे एक व्यक्ति ने बस रुकवाई। इसी दौरान व्यापारी की सीट के पीछे बैठे दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। दोनों बस से उतरकर बाइक सवार अपने साथियों के साथ भाग गए। पुलिस को आशंका है कि वारदात में करीब 5 बदमाश शामिल थे। बैग में 5 किलो सोना और 3 लाख रुपए व्यापारी ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब 5 किलो सोने के जेवरात थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 7.50 करोड़ रुपए है। इसके अलावा बैग में करीब 3 लाख रुपए कैश भी थे। यह रकम गुरुवार दोपहर आभूषण बेचने से मिली थी। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बस में बड़नगर से सवार हुए यात्रियों, घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और बदमाशों के भागने के रास्ते की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पहले परिचित सराफा व्यापारियों को दी सूचना पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद व्यापारी ने सबसे पहले अपने परिचित सराफा व्यापारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रात करीब 11 बजे वारदात की जानकारी सामने आई। इसके बाद एसडीओपी किशोर पाटनवाला भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जिले के अन्य थानों की टीमों को भी जांच में लगाया है। बदमाशों की तलाश में डॉग स्क्वाड से भी सर्चिंग कराई जा रही है। रात 1.30 बजे तक फरियादी व्यापारी बिलपांक थाने में मौजूद था। पुलिस उसकी शिकायत दर्ज कर रिपोर्ट लिख रही थी।