समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में झाड़ियों में मिला नाबालिग लड़की का शव:गला घोंटने के निशान...बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप; दुकान से घर लौटते वक्त लापता हुई थी
ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में कैंसर पहाड़िया मार्ग पर मंगलवार सुबह झाड़ियों में 17 साल की लड़की का शव मिला। मृतका के गले पर कसने के निशान मिले हैं। परिजन ने महलगांव निवासी ईशान खान पर हत्या करने का शक जताया है। नया बाजार की एक साड़ी की दुकान पर काम करती थी। सोमवार रात करीब 9:05 बजे उसने मां से फोन पर बात की थी। उसने जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। करीब 10 मिनट बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने तलाश शुरू की और कंपू थाने में गुमशुदगी/अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। रातभर तलाश करते रहे पुलिस-परिजन पुलिस और परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे कैंसर पहाड़िया रोड पर झाड़ियों में किशोरी का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजन से शव की पहचान कराई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन को प्रेमी पर शक, जांच की मांग परिजन के मुताबिक किशोरी और महलगांव निवासी ईशान खान के बीच प्रेम प्रसंग था। उन्होंने ईशान पर हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होगी कंपू थाना प्रभारी और डीएसपी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि किशोरी के लापता होने की शिकायत पर रात में ही तलाश शुरू कर दी गई थी। सुबह कैंसर पहाड़िया के पास उसका शव मिला। गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।