समाचार · मध्य प्रदेश
क्रांति ने भारत के लिए इंग्लैंड में 5 विकट लिए:छतरपुर की लड़की का ऑनर बोर्ड पर नाम दर्ज; भाई बोले- देश के लिए गर्व की बात
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इतिहास रच दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य क्रांति ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली पारी में पांच विकेट लेकर अपना नाम लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित ऑनर बोर्ड पर दर्ज कराया। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे महिला टेस्ट मैच में क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 17 ओवर में 37 रन देकर पांच विकेट हासिल किए, जिसमें सात मेडन ओवर भी शामिल थे। उनकी इस गेंदबाजी से भारतीय टीम को महत्वपूर्ण बढ़त मिली। क्रांति गौड़ छतरपुर जिले के घुवारा की निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि के बाद लॉर्ड्स के पवेलियन में लगे ऑनर बोर्ड पर उनका नाम अंकित किया जाएगा। इस बोर्ड पर उन खिलाड़ियों के नाम दर्ज होते हैं, जो टेस्ट मैच की एक पारी में पांच विकेट लेते हैं या शतक बनाते हैं। महिला क्रिकेटरों के नाम वर्ष 2019 से इस बोर्ड में शामिल किए जा रहे हैं। क्रांति की सफलता पर उनके परिवार और कोच ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उनके भाई मयंक सिंह ने कहा कि यह सिर्फ परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। कोच राजीव विल्थरे ने बताया कि लॉर्ड्स में प्रदर्शन करना हर खिलाड़ी और कोच का सपना होता है। क्रांति ने पांच विकेट लेकर न केवल अपना सपना पूरा किया, बल्कि छतरपुर और देश का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्रांति भविष्य में भी भारतीय क्रिकेट के लिए ऐसे ही शानदार प्रदर्शन करती रहेंगी।