Sunday, 12 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पूर्व मंत्री बोले- भ्रष्टाचार की जांच हो, मंत्री इस्तीफा दें:पूर्व मंत्री ने तुलसी सिलावट से इस्तीफा मांगा; पहली बारिश में प्रोजेक्ट वॉल बहने का मामला

INT News12 July 2026 at 09:35 pm

देवास में शिप्रा नदी पर बने स्टॉप डैम की प्रोजेक्ट वॉल बहने के बाद सियासत गरमा गई है। रविवार को पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कांग्रेस नेताओं के साथ मौके पर पहुंचकर स्टॉप डैम कम पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी के इस्तीफे की मांग की। वर्मा ने दावा किया कि प्रदेश में कई स्टॉप डैम एक पूरी बारिश भी नहीं झेल पाए। उन्होंने ग्रामीणों से मिली जानकारी का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि डैम के निर्माण में बेहद पतले सरिए, घटिया सीमेंट और कंक्रीट का इस्तेमाल किया गया है। इससे डैम की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व मंत्री ने इस घटना को भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा बताया और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले की जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा ने भी दिल्ली तक भेजी है। वर्मा ने कहा, "मुझे लगता है कि जब मंत्रिमंडल का फेरबदल होगा, तो इनका पत्ता कटेगा। मैं तुलसी सिलावट से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने को कहता हूं।" उन्होंने विधायक मनोज चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में भ्रष्टाचार की नई इबारत लिखी जा रही है, इसलिए उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए। वर्मा ने प्रदेश में बने सभी स्टॉप डैमों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि निर्माण में हुई अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कारम डैम के निर्माण का भी उल्लेख किया, जो जल संसाधन विभाग के अधीन हुआ था। वर्मा के अनुसार, सिंचाई विभाग में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है और विभाग निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।