Sunday, 12 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मैहर में कुर्मी समाज ने निकाली ट्रैक्टर रैली:ऑडियो में आपत्तिजनक बातों पर विरोध, रामनगर नगर परिषद अध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग

INT News12 July 2026 at 09:18 pm

मैहर जिले के रामनगर में रविवार को मध्यप्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज ने एक सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे ऑडियो के विरोध में ट्रैक्टर रैली निकाली। समाज ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए रामनगर नगर परिषद अध्यक्ष दीपा मिश्रा और उनके पति दीपू उर्फ कैलाश मिश्रा के खिलाफ दर्ज केस में गंभीर धाराएं जोड़ने और उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जिला अध्यक्ष रामसुशील पटेल ने आरोप लगाया कि ऑडियो में कुर्मी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र बातें कही गई हैं, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने इस मामले में जो केस दर्ज किया है, उसमें पर्याप्त धाराएं नहीं लगाई गई हैं और अब तक कोई सख्त कार्रवाई भी नहीं हुई है। सीएसपी को सौंपा ज्ञापन समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सीएसपी महेंद्र सिंह को सौंपा। इसमें आरोप लगाया गया कि 24 जून और 12 जून को दी गई शिकायतों पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। समाज ने मांग की है कि मामले में धाराएं बढ़ाई जाएं और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। भारी पुलिस बल के बीच शांतिपूर्ण प्रदर्शन इस प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे शहर में काफी हलचल रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएसपी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन से चर्चा और ज्ञापन सौंपने के बाद करीब तीन घंटे चला यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो गया। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट हुए ऑडियो के बाद से ही समाज लगातार निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है। इस रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष रामसुशील पटेल ने किया, जिसमें सतना जिला अध्यक्ष डॉ. दुर्योधन सिंह, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह (ज्ञानू भैया) और तारा पटेल समेत समाज के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।