समाचार · मध्य प्रदेश
जबेरा अस्पताल के लेबर रूम में घुसी नागिन:मरीजों में मची अफरा-तफरी, सर्प विशेषज्ञ ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ी
दमोह जिले के जबेरा स्थित सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लेबर रूम में रविवार शाम एक नागिन घुस आई। उसे प्रसव कक्ष की ओर बढ़ता देख मरीजों और स्टाफ में दहशत फैल गई। हालांकि, तत्काल सर्प विशेषज्ञ को बुलाकर नागिन का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और उसे जंगल में छोड़ दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पुरुषोत्तम गर्ग और अन्य स्टाफ की नजर जैसे ही नागिन पर पड़ी, वे सतर्क हो गए। स्टाफ ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उन्होंने नागिन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और अस्पताल प्रबंधन के माध्यम से सर्प विशेषज्ञों को बुलाया। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा सूचना मिलते ही सर्प विशेषज्ञ छोटू पटेल और सूरज रैकवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी और कुशलता से नागिन को काबू में कर एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर लिया। इसके बाद उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद मरीजों, परिजनों और स्टाफ ने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चारों ओर खुला मैदान है, जहां बारिश का पानी भरा रहने के कारण अक्सर विषैले जीव-जंतु आ जाते हैं।