समाचार · झारखंड
रांची एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल लागू: मुंबई-भुवनेश्वर के लिए नई उड़ानें, कई फ्लाइट्स के समय में बदलाव

रांची : राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमानों के लिए ठंड के मौसम को लेकर नई समय-सारिणी (Winter Schedule) जारी कर दी गई. नए टाइम टेबल 25 अक्टूबर से लागू हो गई है, जो आने वाले 27 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी. इस नए शेड्यूल के तहत कई प्रमुख विमानों के आगमन और प्रस्थान (Arrival and Departure) के समय में फेरबदल किया गया है. इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ नए गंतव्यों के लिए उड़ानें भी शुरू की जा रही हैं.
नवी मुंबई और भुवनेश्वर के लिए नई उड़ानें शुरू
नवी मुंबई स्पेशल फ्लाइट: नवी मुंबई के लिए इंडिगो की विशेष उड़ान (फ्लाइट संख्या 6E 2653) सुबह 10:00 बजे रांची पहुंचेगी और वापसी में 6E 2654 सुबह 10:35 बजे नवी मुंबई के लिए रवाना होगी. हालांकि, यह विशेष उड़ान फिलहाल एक दिन के लिए निर्धारित है.
भुवनेश्वर के लिए साप्ताहिक सेवा: आगामी 28 अक्टूबर से भुवनेश्वर के लिए इंडिगो की साप्ताहिक उड़ान शुरू होगी. विमान संख्या 6E 7725 दोपहर 2:35 बजे रांची पहुंचेगा और 6E 7726 दोपहर 3:20 बजे भुवनेश्वर के लिए रवाना होगा. यह सेवा 27 मार्च 2027 तक प्रत्येक बुधवार को मिलेगी.
हैदराबाद के लिए अतिरिक्त उड़ान: हैदराबाद रूट पर यात्रियों की मांग को देखते हुए 21 नवंबर से अतिरिक्त सेवा शुरू होगी. विमान संख्या 6E 6952 दोपहर 1:45 बजे रांची आएगा और वापसी में 6E 6949 दोपहर 2:15 बजे रवाना होगा. यह सेवा 26 मार्च 2027 तक प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी.
ये भी पढ़ें: दिवाली पर पटाखे फोड़ने से पहले सावधान! झारखंड में तय हुई टाइमिंग, उल्लंघन पर कार्रवाई
मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और पुणे की उड़ानों के समय में बदलाव
विंटर शेड्यूल के तहत देश के प्रमुख महानगरों के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स के समय में कई बदलाव किए गए हैं:
मुंबई: एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई उड़ान का सामान्य प्रस्थान समय अब शाम 4:05 बजे कर दिया गया है. हालांकि, 1 दिसंबर से 31 जनवरी के बीच यह विमान सुबह 9:35 बजे रवाना होगा.
चेन्नई: चेन्नई जाने वाली इंडिगो की उड़ान अब शाम 7:40 बजे के बजाय शाम 5:10 बजे ही रवाना होगी.
बेंगलुरु: एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु उड़ान के समय में बड़ा बदलाव किया गया है. पहले यह दोपहर 12:15 बजे जाती थी, जो अब बदलकर रात 9:05 बजे कर दी गई है.
पुणे: पुणे जाने वाली उड़ान का नया प्रस्थान समय रात 8:55 बजे निर्धारित किया गया है.
यात्रियों के लिए विशेष सलाह
एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा करने से पहले संबंधित विमानन कंपनी (Airlines) से अपनी फ्लाइट के समय की पुष्टि जरूर कर लें, ताकि समय-सारिणी में हुए बदलाव के कारण किसी को भी एयरपोर्ट पहुंचने में असुविधा न हो और विमान छूटने की परेशानी से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें: रांची मानव तस्करी का पर्दाफाश: ED ने देह व्यापार रैकेट में शामिल दंपति की 3.60 करोड़ की संपत्ति की जब्त