Wednesday, 8 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

देवास: बारिश में धंसी सड़क, गांवों का संपर्क टूटा:चार दिन पहले पड़ी थीं दरारें, मरम्मत नहीं हुई; अब वैकल्पिक मार्ग से आवागमन शुरू

INT News8 July 2026 at 09:21 pm

देवास की सोनकच्छ तहसील के हरनावदा देव गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा मंगलवार देर रात धंस गया। लगातार बारिश के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गांव का एकमात्र संपर्क मार्ग बंद हो गया। करीब एक हजार से डेढ़ हजार आबादी वाले गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट गया। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर शनिवार को ही बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई थीं। इसके बावजूद संबंधित विभाग ने न तो मरम्मत कराई और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए। मंगलवार रात हुई तेज बारिश के बाद सड़क का हिस्सा पूरी तरह धंस गया। बुधवार सुबह जब ग्रामीण सोनकच्छ जाने के लिए निकले तो सड़क धंसी हुई मिली। मार्ग बंद होने से स्कूल बसें गांव तक नहीं पहुंच सकीं। वहीं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और लोगों का दैनिक आवागमन भी प्रभावित रहा। 12 घंटे में तैयार किया गया अस्थायी रास्ता सूचना मिलने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद करीब 12 घंटे की मशक्कत से एक वैकल्पिक अस्थायी मार्ग तैयार कराया गया। फिलहाल इस रास्ते से दोपहिया और हल्के वाहन गुजर रहे हैं, जबकि स्कूल वैन और बड़े वाहनों की आवाजाही अब भी बाधित है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत करीब डेढ़ साल पहले ही कराई गई थी, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता ठीक नहीं थी। उनका कहना है कि कई दिनों से सड़क धंसने के संकेत मिल रहे थे, फिर भी संबंधित विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।