समाचार · छत्तीसगढ़
निर्माण-कार्य के भुगतान के बदले कमीशनखोरी का आरोप,कलेक्टर से शिकायत:भाजयुमो नेता बोले- छह महीने पहले पूरा हुआ काम,लेकिन भुगतान के लिए मांग रहे कमीशन
सूरजपुर जिले में निर्माण कार्य में कमीशन मांगने का मामला सामने आया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रेमनगर मंडल उपाध्यक्ष सुभाष साहू ने कलेक्ट्रेट के जनदर्शन में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के एसडीओ और उप अभियंता के खिलाफ शिकायत की है। सुभाष साहू का आरोप है कि निर्माण कार्य का भुगतान करने के बदले उनसे 3 प्रतिशत कमीशन मांगा जा रहा है। शिकायतकर्ता सुभाष साहू ने उप अभियंता के साथ हुई कथित बातचीत का एक ऑडियो भी सार्वजनिक किया है। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। साहू ने अपनी शिकायत में इस ऑडियो को सबूत के तौर पर पेश किया है। ग्राम उमेश्वरपुर (प्रेमनगर) निवासी सुभाष साहू ने बताया कि सरगुजा विकास प्राधिकरण योजना के तहत वर्ष 2024-25 में सार्वजनिक मंच निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। उनका दावा है कि यह कार्य लगभग छह माह पहले पूरा हो चुका है और विभाग द्वारा इसका मूल्यांकन भी किया जा चुका है। साहू का आरोप है कि आरईएस विभाग के एसडीओ और उप अभियंता भुगतान जारी करने के एवज में 3 प्रतिशत राशि की मांग कर रहे हैं। कमीशन न देने के कारण भुगतान की फाइल लंबित रखी गई है। उन्होंने जनदर्शन में कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजयुमो नेता सुभाष साहू के अनुसार, कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही इन आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।