समाचार · मध्य प्रदेश
मप्र वॉटर स्पोर्ट्स के चार खिलाड़ी विश्व नौकायन चैंपियनशिप में:डेनमार्क में दिखाएंगे दम, 11 अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता
मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी के चार खिलाड़ियों का चयन विश्व की प्रतिष्ठित ILCA-4 यूथ वर्ल्ड सेलिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। डेनमार्क के आरहूस (Aarhus) में मंगलवार से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में प्रदेश के वसु चंद्रवंशी, शुभम यादव, माही वर्मा और आस्था पांडे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। चारों खिलाड़ी मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी से हैं, जिसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्रतियोगिता 4 से 11 अगस्त तक आयोजित होगी, जिसमें दुनिया के कई देशों के युवा नाविक हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में भारतीय दल ने भी भाग लिया। अब प्रदेश के चारों खिलाड़ी विश्व मंच पर तिरंगे के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश में खेल अधोसंरचना और आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था का असर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि वैज्ञानिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाओं और लगातार मिल रहे अवसरों की बदौलत मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में विश्व स्तर तक पहुंच रहे हैं। प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय टीम में चयनित चारों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों का लगातार चयन होना मध्यप्रदेश की खेल नीति और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने भी भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ी विश्व मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगे और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।