समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में BRICS सम्मेलन आज से:4 दिन VIP मूवमेंट; सुबह 9 से 11 बजे तक मिंटो हॉल के आसपास ट्रैफिक डायवर्ट
भोपाल में 5 से 8 अगस्त तक तृतीय BRICS कार्य समूह की बैठक आयोजित होगी। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में करीब 12 देशों के संस्कृति मंत्री, हेड ऑफ डेलीगेशन, सांस्कृतिक दल और प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान शहर में कई स्थानों पर वीआईपी मूवमेंट रहेगा। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने सुबह 9 बजे से 11 बजे तक मिंटो हॉल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इन मार्गों पर सुबह रहेगा सबसे ज्यादा दबाव प्रतिनिधिमंडलों के वाहन ताज होटल, जहांनुमा पैलेस, कोर्टयार्ड मैरियट, गोल्डन ट्यूलिप, रेडिसन और सदर मंजिल हेरिटेज सहित विभिन्न होटलों से निर्धारित मार्गों के जरिए मिंटो हॉल पहुंचेंगे। इस दौरान पॉलिटेक्निक चौराहा, भारत माता चौराहा, मछली घर, जेल रोड, कंट्रोल रूम तिराहा, रोहित नगर, चुना भट्टी, रेतघाट और आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। आवश्यकता पड़ने पर इन मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। मिंटो हॉल में सिर्फ पासधारी वाहनों को प्रवेश यातायात पुलिस के अनुसार मिंटो हॉल परिसर में केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश और पार्किंग की अनुमति होगी, जिन्हें संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से अधिकृत वाहन पास जारी किए गए हैं। अन्य सभी वाहनों की पार्किंग एमवीएम मैदान में कराई जाएगी। शाम 4:30 बजे मानव संग्रहालय जाएगा काफिला सम्मेलन के दूसरे सत्र के तहत प्रतिदिन शाम करीब 4:30 बजे प्रतिनिधिमंडल मिंटो हॉल से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के लिए रवाना होगा। इसके लिए मछली घर, पॉलिटेक्निक चौराहा, स्मार्ट रोड और स्काउट-गाइड तिराहे से होकर विशेष मार्ग निर्धारित किया गया है। आम लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुबह 9 से 11 बजे के बीच मिंटो हॉल, पॉलिटेक्निक चौराहा, भारत माता चौराहा, मछली घर और इनसे जुड़े मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए यातायात कंट्रोल रूम के दूरभाष 0755-2677340 एवं 0755-2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।