Wednesday, 5 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में इंजीनियरिंग की छात्रा ने किया सुसाइड:सहेली को वाट्सएप पर 'बाय' लिखकर लगाई फांसी, रीवा से पढ़ने आई थी

INT News5 August 2026 at 12:02 am

ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित एडी हॉस्टल में मंगलवार रात एमआईटीएस (MITS) कॉलेज की सेकेंड ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कदम उठाने से ठीक पहले छात्रा ने अपनी सहेली को वॉट्सऐप पर ‘बाय’ का मैसेज भेजा था। सहेली ने तुरंत उसे कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। आशंका होने पर उसने हॉस्टल वार्डन को सूचना दी। वार्डन ने कमरे की खिड़की से झांका तो छात्रा फंदे पर लटकी मिली। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा के मोबाइल और कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है। रीवा की रहने वाली थी छात्रा

रीवा निवासी 20 वर्षीय राधिका तोमर पुत्री चंद्रदीप प्रताप सिंह तोमर एमआईटीएस कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। वह गोला का मंदिर इलाके में स्थित एडी हॉस्टल के कमरे में रहकर पढ़ाई करती थी। मंगलवार रात उसने अपनी सहेली के वॉट्सऐप पर अचानक ‘बाय’ लिखा। सहेली को किसी अनहोनी का शक हुआ। उसने लगातार कॉल किए, लेकिन राधिका ने फोन नहीं उठाया। खिड़की से झांका तो फंदे पर लटकी मिली

कॉल रिसीव न होने पर सहेली ने तुरंत हॉस्टल की वार्डन को पूरी बात बताई। वार्डन राधिका के कमरे के बाहर पहुंचीं और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांका। राधिका फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल को भी जांच में शामिल किया है। छात्राओं और परिजनों से होगी पूछताछ

गोला का मंदिर थाना टीआई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि छात्रा के परिजनों को रीवा में सूचना दे दी गई है। वे ग्वालियर के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों और हॉस्टल की छात्राओं से पूछताछ की जाएगी। मोबाइल और कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। परिजनों के आने और कॉल डिटेल खंगालने के बाद ही आत्महत्या की सही वजह सामने आ सकेगी।