national
डीप डिप्रेशन से ओडिशा-आंध्र प्रदेश में भारी बारिश, यूपी-बिहार-झारखंड समेत 25 से ज्यादा राज्यों में अलर्ट

Cyclone Arnab Alert: बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 23 सितंबर की रात 11 बजे से 24 सितंबर रात 1 बजे के बीच कलिंगपट्टनम के पास उत्तर आंध्र प्रदेश तट को पार कर गया. इसके बाद दोनों राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है. श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम और आसपास के क्षेत्रों में करीब 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं. वहीं विजयवाड़ा के निचले हिस्सों में जलभराव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है. विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है.
ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
गहन अवदाब का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और आसपास के इलाकों में दिखाई दे रहा है. IMD ने 24 सितंबर को ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है. 25 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. आईएनडी के मुताबिक गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में ओडिशा में औसतन 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. कोरापुट जिले के सेमिलीगुड़ा में सबसे अधिक 193.9 मिलीमीटर बारिश हुई.
मौसम विभाग ने गुरुवार को नबरंगपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और वहां 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है. मौसम विभाग ने बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरि में अगले 24 घंटे के दौरान 12 से 20 सेंटीमीटर भारी बारिश होने की आशंका जताई है. आईएमडी ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के साथ तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा के साथ आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी जोरदार बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. आईएमडी के मुताबिक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
Also Read: डीप डिप्रेशन का लैंडफॉल, 75 km/h की तूफानी हवाओं से दहला तटीय इलाका, रेड अलर्ट
झारखंड-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन का असर पूर्वी भारत के राज्यों पर भी पड़ेगा. IMD के मुताबिक 24 से 26 सितंबर के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-बिजली के साथ कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. झारखंड में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 25 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है.
24 सितंबर की शाम से 25 सितंबर की शाम तक रांची, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा समेत दक्षिण-पश्चिम झारखंड के कुछ और इलाकों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हवा के झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. बिहार में भी 24 सितंबर को बहुत भारी और 25-26 सितंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
यूपी में 27 सितंबर तक बारिश का दौर
मौसमी सिस्टम के कारण उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदला रहेगा. IMD के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 से 26 सितंबर तक गरज-बिजली के साथ कई इलाकों में बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी में 24 और 27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 25 और 26 सितंबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 सितंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है. प्रदेश में 24 से 27 सितंबर के दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
उत्तराखंड में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. उत्तराखंड में 25 और 28 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है. सबसे अहम चेतावनी 26 सितंबर के लिए है. इस दिन उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 27 सितंबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश में भी 26 और 28 सितंबर को भारी और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है.
Also Read: दिल्ली में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, अगले 4 दिन का मौसम कैसा रहेगा?
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में भी 24 से 26 सितंबर तक बिगड़ेगा मौसम
मध्य भारत में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ पर भी मौसम में बदलाव का असर दिखाई देगा. 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है. 24 और 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है और हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में भी बरसेंगे बादल
बारिश का दौर पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम के तेवर तल्ख रह सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. असम और मेघालय में 24 से 28 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है.
महाराष्ट्र से दक्षिण भारत तक बारिश
गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश समेत पश्चिम और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी 24 से 30 सितंबर तक बारिश का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी कई जगह गरज-बिजली के साथ बारिश हो सकती है.
Also Read: School Holiday : बारिश की वजह से क्या ओडिशा में 25 सितंबर को बंद रहेंगे स्कूल?