समाचार · छत्तीसगढ़
सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मारा:बाइक सवार प्यून की मौत, भतीजे ने बचाई जान, खेत में ग्रामीण को कुचला
छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर रविवार शाम हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना कल्याणपुर-अखोरा मार्ग की है। ग्रामीण के साथ मौजूद उसके साथी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, अखोरा गांव में भी हाथी ने एक अन्य ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। बाइक सवार मृतक पहाड़ी कोरवा आश्रम में प्यून के पद पर काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। वहीं, हाथी के हमले में मारा गया दूसरा ग्रामीण खेत में घास काटने गया था। यह मामला सूरजपुर वन परिक्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले का रहने वाला विश्वनाथ रविवार को अपने भतीजे बलदेव के साथ बाइक से अपनी बहन के घर अखोरा आया था। शाम करीब 5:30 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अखोरा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग पर उनका सामना कबरा हाथी से हो गया। चाचा की मौत, भतीजे ने भागकर बचाई जान हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान बलदेव वहां से भागा और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। वहीं, हाथी ने विश्वनाथ को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाथी के जाने के बाद बलदेव ने गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विश्वनाथ बांटीडांड पहाड़ी कोरवा आश्रम में प्यून के पद पर काम करता था। घास काटने गये ग्रामीण को कुचला अखोरा गांव में हाथी ने एक अन्य ग्रामीण मानदेव यादव को भी कुचलकर मार डाला। मानदेव खेत में घास काटने गया था। देर शाम उसका शव खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि शाम के समय हाथी खेत से गुजरा था। आशंका है कि इसी दौरान हाथी ने मानदेव को दौड़ाकर कुचल दिया। छह माह में 14 को मारा कबरा हाथी पिछले छह महीने में अब तक 12 लोगों की जान ले चुका था। रविवार को उसने दो और ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला। इसके साथ ही इस हाथी के हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इलाके में हाथी की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल है। …………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… हाथी ने ग्रामीण को दौड़ाकर कुचला, मौत:बलरामपुर में महुआ खाने के लिए घर की दीवार तोड़ रहा था, 4 हाथी गांव के पास डटे बलरामपुर जिले के रेवतीपुर में शुक्रवार रात हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई। घर के बाकी सदस्यों ने भाग कर जान बचाई। दल से अलग होकर पहुंचा हाथी ग्रामीण का घर तोड़ रहा था, भागने के दौरान हाथी ने उसे कुचल दिया। मामला राजपुर वन परिक्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…