समाचार · मध्य प्रदेश
नकाबपोश बदमाशों ने शराब दुकान में घुसकर मारपीट की:सागर में शॉप के बाहर खड़ी बाइकों में तोड़फोड़ की, कर्मचारियों को डंडों से पीटा
सागर में गौरझामर थाना क्षेत्र स्थित शराब दुकान पर आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने सोमवार देर रात हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की। जिससे तीन कर्मचारी घायल हुए। दुकान के बाहर खड़ी बाइकों में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वारदात सोमवार रात की है। सामने आए वीडियो में नकाबपोश बदमाश दुकान में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर गौरझामर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। देवरी एसडीओपी अरुण कुमार ने बताया कि शराब दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट की वारदात सामने आई है। शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के पीछे क्या कारण है, इसका पता लगाने शराब दुकान संचालक व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।