समाचार · मध्य प्रदेश
अशोकनगर में वन स्टॉप सेंटर से रिहाई के दौरान बवाल:दो नवविवाहित महिलाओं को जबरन ले जाने का आरोप; 17 नामजद पर केस
अशोकनगर जिले के कचनार थाना क्षेत्र से लापता हुईं दो नवविवाहित महिलाओं की वन स्टॉप सेंटर से रिहाई के दौरान मंगलवार शाम हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। महिलाओं को जबरन साथ ले जाने के आरोप में पुलिस ने 17 नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हंगामे के दौरान महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस की सुरक्षा में उन्हें थाने पहुंचाया गया। रिहाई के दौरान बिगड़े हालात पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं न तो अपने मायके पक्ष के साथ जाना चाहती थीं और न ही ससुराल पक्ष के साथ। रिहाई की प्रक्रिया के दौरान परिजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की, जिससे वन स्टॉप सेंटर के बाहर अफरा-तफरी मच गई। पीएचई कार्यालय में छिपीं महिलाएं जबरदस्ती से बचने के लिए दोनों महिलाएं मौके से भागकर पास स्थित पीएचई कार्यालय में जाकर छिप गईं। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर थाने के लिए रवाना हुई। पुलिस वाहन रोकने और पीछा करने का आरोप आरोप है कि महिलाओं को थाने ले जाते समय कुछ लोगों ने पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश की और पुलिस का पीछा करते हुए थाने तक पहुंच गए। थाने के बाहर भी महिलाओं को दोबारा जबरन ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को सुरक्षित थाने के अंदर पहुंचा दिया। सड़क जाम की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए रास्ता खुलवाया और मौके पर शांति व्यवस्था बहाल कराई। 17 नामजद सहित अन्य पर केस दर्ज पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने महिलाओं के अपहरण के प्रयास, मारपीट, बंधक बनाने की कोशिश और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह एफआईआर दोनों महिलाओं में से एक की शिकायत पर दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में नफीस खान, सुंदर बानो, मोबिना बानो, इब्राहिम खान, अरमान खान, जमील खान, वाहिद खान, रुस्तम खान, समीर खान, फरीद खान, आमिर खान, आरिफ खान, फारूख खान, शाहरुख खान और फहीम खान सहित कुल 17 लोग शामिल हैं। एक माह पहले हुई थीं लापता गौरतलब है कि कचनार थाना क्षेत्र की दोनों नवविवाहित महिलाएं विवाह के कुछ समय बाद एक साथ लापता हो गई थीं। पुलिस ने उन्हें दस्तयाब कर पांच दिन तक वन स्टॉप सेंटर में रखा था। मंगलवार को रिहाई के दौरान हुए हंगामे के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया।